• Home
  • News
  • CJP Protest: Several leaders, including Abhijit Dipke, detained amidst the commotion in Delhi! Reports of two police personnel injured in stone-pelting near the PTI building.

CJP Protest: दिल्ली में बवाल के बीच अभिजीत दिपके समेत कई नेता हिरासत में! PTI बिल्डिंग के पास पथराव में दो पुलिसकर्मी घायल होने की खबर

editor
  • Awaaz Desk
  • October 10, 2026 08:10 AM
CJP Protest: Several leaders, including Abhijit Dipke, detained amidst the commotion in Delhi! Reports of two police personnel injured in stone-pelting near the PTI building.

नई दिल्ली। कॉकरोच जनता पार्टी के प्रस्तावित विरोध-प्रदर्शन को लेकर शनिवार को दिल्ली में तनावपूर्ण स्थिति बनी रही। जंतर-मंतर पर प्रदर्शन की अनुमति नहीं मिलने के बावजूद समर्थकों के पहुंचने की कोशिश के बीच पुलिस ने व्यापक कार्रवाई की। विभिन्न स्थानों से 400 से अधिक प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिए जाने की जानकारी सामने आई है। वहीं, नई दिल्ली इलाके में PTI बिल्डिंग के पास प्रदर्शनकारियों द्वारा पुलिस पर पथराव किए जाने का मामला भी सामने आया है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, इस घटना में दो पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और दिल्ली मेट्रो के 45 स्टेशनों के गेट शनिवार शाम छह बजे तक बंद रखे जाने की जानकारी दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) ने दी है। CJP के प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस ने जंतर-मंतर और आसपास के इलाकों में सुरक्षा का व्यापक घेरा बनाया है। प्रदर्शनकारियों को जुटने से रोकने के लिए कई स्थानों पर बैरिकेडिंग की गई है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए प्रदर्शन में शामिल होने पहुंचे लोगों को हिरासत में लिया। मौके से सामने आए दृश्यों में जंतर-मंतर पर सन्नाटा नजर आया। CJP संस्थापक अभिजीत दिपके को दिल्ली पहुंचने पर विमान के अंदर से ही हिरासत में लिया गया। उनके साथ पार्टी के नेता सौरव दास और आशुतोष रांका को भी हिरासत में लिया गया। हिरासत में लिए जाने के बाद सीजेपी फाउंडर दिपके की ओर से प्रि-रिकॉर्डेड वीडियो मैसेज जारी किया गया है और कहा कि हमको हिरासत में लिए जाने के बाद अब अजिंक्ये शिंदे मूवमेंट को लीड करेंगे। इधर नई दिल्ली में PTI बिल्डिंग के पास करीब 50 प्रदर्शनकारियों के पहुंचने के बाद पुलिस पर पथराव की खबर सामने आई है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, इस घटना में दो पुलिसकर्मी घायल हुए। पुलिस ने मौके पर मौजूद सभी 50 लोगों को हिरासत में ले लिया। हालांकि, घटना के संबंध में पुलिस का विस्तृत आधिकारिक बयान सामने आना बाकी है।  इस बीच भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर विपक्षी इंडिया गठबंधन और CJP पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी और CJP देश को अस्थिर करने की कोशिश कर रहे हैं और इसके पीछे विदेशी ताकतों का हाथ है। नवीन ने कहा कि देश में शांति और सद्भाव के माहौल को बिगाड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं। ये आरोप भाजपा अध्यक्ष ने लगाए हैं। 

अभिजीत दिपके के घर की सुरक्षा बढ़ाई
दिल्ली में बने हालात के बीच महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर स्थित CJP संयोजक अभिजीत दिपके के आवास की सुरक्षा भी बढ़ा दी गई है। पुलिस अधिकारी के मुताबिक, MIDC वालुज इलाके में स्थित उनके घर के बाहर पहले एक सुरक्षाकर्मी तैनात था, लेकिन अब पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर 20 पुलिसकर्मियों की टीम लगाई गई है। फिलहाल दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी है और पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है।


संबंधित आलेख: