सीएम धामी ने बच्चों और जनप्रतिनिधियों संग सुना ‘मन की बात’, एआई और डिजिटल सुरक्षा पर दिया विशेष संदेश
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को मुख्यमंत्री आवास में जनप्रतिनिधियों और संस्कृति स्कूल के विद्यार्थियों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम मन की बात के 131वें एपिसोड को सुना। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘मन की बात’ केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि जन-जन को प्रेरित करने वाला सशक्त माध्यम है, जो समाज में सकारात्मक बदलाव और राष्ट्र निर्माण की भावना को मजबूत करता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस एपिसोड में प्रधानमंत्री ने कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) पर आयोजित वैश्विक शिखर सम्मेलन, अंगदान से जुड़ी प्रेरक कहानियों और डिजिटल अरेस्ट जैसी साइबर ठगी से सतर्क रहने के विषय पर महत्वपूर्ण बातें साझा कीं। उन्होंने कहा कि एआई आज भविष्य की तकनीक है और युवाओं को इस क्षेत्र में नवाचार और कौशल विकास की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए। संस्कृति स्कूल के बच्चों की उपस्थिति को उल्लेखनीय बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में जागरूकता और जिम्मेदारी की भावना विकसित करते हैं। उन्होंने बच्चों से डिजिटल सुरक्षा के प्रति सजग रहने और तकनीक का सकारात्मक उपयोग करने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे अंगदान जैसे पुण्य कार्य के प्रति जागरूक हों और समाज में स्वास्थ्य एवं मानवता के संदेश को आगे बढ़ाएं। साथ ही उन्होंने डिजिटल अरेस्ट जैसी धोखाधड़ी से बचने के लिए सतर्कता बरतने और साइबर सुरक्षा के नियमों का पालन करने पर जोर दिया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों और विद्यार्थियों ने भी ‘मन की बात’ के संदेशों को आत्मसात करने का संकल्प लिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे प्रेरक संवाद समाज को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।