• Home
  • News
  • CM Dhami Listens to the 132nd Episode of PM Modi’s ‘Mann Ki Baat’; Says: Prime Minister’s Mention Has Taken Uttarakhand Tourism to New Heights

सीएम धामी ने सुना पीएम मोदी के ‘मन की बात’ का 132वां एपिसोड, कहा- प्रधानमंत्री के उल्लेख से उत्तराखंड पर्यटन को मिली नई ऊंचाई

  • Tapas Vishwas
  • March 29, 2026 12:03 PM
CM Dhami Listens to the 132nd Episode of PM Modi’s ‘Mann Ki Baat’; Says: Prime Minister’s Mention Has Taken Uttarakhand Tourism to New Heights

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को देहरादून के इंद्रानगर स्थित 'होटल रॉयल इन पैलेस' में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सुप्रसिद्ध रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 132वें एपिसोड को सुना। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने उपस्थित जनप्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों के साथ कार्यक्रम के प्रेरणादायी पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की और प्रधानमंत्री के विजन की सराहना की। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि ‘मन की बात’ विश्व के किसी भी राष्ट्राध्यक्ष द्वारा संचालित सबसे लंबा और प्रभावशाली जनसंवाद मंच है। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम देश के उन 'अनाम नायकों' को पहचान दिलाने का काम करता है, जो सीमित संसाधनों के बावजूद दूरस्थ क्षेत्रों में समाज के लिए असाधारण कार्य कर रहे हैं। प्रधानमंत्री द्वारा ऐसे व्यक्तित्वों की कहानियों को साझा करने से पूरे देश में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है।

मुख्यमंत्री ने गर्व के साथ उल्लेख किया कि प्रधानमंत्री मोदी अपने लगभग हर संबोधन में उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत और प्राकृतिक सौंदर्य का जिक्र जरूर करते हैं। उन्होंने कहा, "प्रधानमंत्री ने आदि कैलाश, हर्षिल और मुखवा जैसे क्षेत्रों का स्वयं भ्रमण कर इन्हें वैश्विक मानचित्र पर स्थापित किया है।" सीएम ने बताया कि प्रधानमंत्री के इन प्रयासों का सीधा असर राज्य के पर्यटन पर दिख रहा है। पर्यटन के आंकड़ों को साझा करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्तमान वर्ष में उत्तराखंड में शीतकालीन पर्यटन को अभूतपूर्व बढ़ावा मिला है। अब तक 1.5 लाख से अधिक पर्यटक शीतकालीन यात्रा के लिए राज्य पहुँच चुके हैं। विशेष रूप से आदि कैलाश क्षेत्र में श्रद्धालुओं की संख्या 36,700 के पार पहुँच गई है, जो राज्य की बढ़ती आर्थिक संभावनाओं का प्रतीक है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार उत्तराखंड को ‘ऑल-सीजन टूरिज्म डेस्टिनेशन’ के रूप में विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है। इसके लिए होमस्टे योजना, ग्रामीण पर्यटन और धार्मिक सर्किटों में बुनियादी सुविधाओं का तेजी से विस्तार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सड़क संपर्क में सुधार और डिजिटल सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण से न केवल पर्यटकों को सुविधा मिल रही है, बल्कि स्थानीय युवाओं के लिए स्वरोजगार के नए अवसर भी सृजित हो रहे हैं। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं से प्रधानमंत्री के विचारों को जन-जन तक पहुँचाने का आह्वान किया।
 


संबंधित आलेख: