पीएम मोदी से मिले सीएम धामी: उत्तराखंड के विकास का सौंपा रोडमैप, बदरी गाय का घी और पांच प्रकार की राजमा की भेंट
देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से शिष्टाचार भेंट की। मुलाकात के दौरान सीएम धामी ने प्रधानमंत्री को उत्तराखंड की सांस्कृतिक और प्राकृतिक समृद्धि को दर्शाते हुए विशेष उपहार भेंट किए। उन्होंने मां सुरकंडा देवी की पवित्र प्रतिकृति, बदरी गाय का शुद्ध घी, पांच प्रकार की पहाड़ी राजमा और शहद प्रधानमंत्री को भेंट स्वरूप दिए। मुख्यमंत्री धामी ने मुलाकात की जानकारी खुद अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर फोटो के साथ साझा की। उन्होंने प्रधानमंत्री का उत्तराखंड के विकास के लिए निरंतर सहयोग और मार्गदर्शन के लिए आभार व्यक्त किया। साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को उत्तराखंड आने का निमंत्रण भी दिया। भेंट के दौरान सीएम धामी ने कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं के लिए प्रधानमंत्री का विशेष धन्यवाद किया। इनमें हरिद्वार कुंभ 2027 के लिए 500 करोड़ रुपये की सहायता, राजाजी नेशनल पार्क में चौरासी कुटिया के विकास के लिए 100 करोड़ रुपये की स्वीकृति, नदी जोड़ो परियोजना के तहत फिजिबिलिटी स्टडी, पिथौरागढ़ के नैनी-सैनी हवाई पट्टी के लिए एमओयू और चारधाम यात्रा में सुरक्षित हेली सेवाओं के संचालन के लिए केंद्र का सहयोग शामिल है। मुख्यमंत्री ने ऋषिकेश में विद्युत लाइनों के भूमिगतकरण, चम्पावत बाईपास, देहरादून रिंग रोड और देहरादून-मसूरी रोड जैसी आधारभूत परियोजनाओं की स्वीकृति के लिए भी प्रधानमंत्री का आभार जताया। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री द्वारा उत्तराखंड दौरे के दौरान दिए गए सुझावों पर राज्य सरकार ने तेजी से कार्रवाई की है।
सीएम धामी ने प्रधानमंत्री को उत्तराखंड को वैश्विक वेडिंग डेस्टिनेशन बनाने की रणनीति के बारे में विस्तार से बताया। चोपता, दुग्गलबिट्ठा, पटवाडांगर और शारदा कॉरिडोर को विकसित किया जा रहा है, जबकि रामनगर, देहरादून, ऋषिकेश और त्रियुगीनारायण पहले से ही लोकप्रिय वेडिंग स्पॉट बन चुके हैं। राज्य में वेडिंग पॉलिसी भी तैयार की जा रही है। आध्यात्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए बेल केदार, अंजनीसैंण-टिहरी और लोहाघाट-श्यामलाताल क्षेत्रों को चिन्हित किया गया है। शीतकालीन यात्रा शुरू करने से श्रद्धालुओं की संख्या में भारी वृद्धि हुई है। आदि कैलाश यात्रा में वर्ष 2022 के 1761 श्रद्धालुओं की तुलना में 2025 में 36,453 श्रद्धालु पहुंचे। यहां हेली सेवा भी शुरू की गई है। मुख्यमंत्री ने साहसिक पर्यटन, वोकल फॉर लोकल, हाउस ऑफ हिमालयाज ब्रांड, एक जिला-एक मेला, क्लस्टर विद्यालय योजना, भारत दर्शन और उत्तराखंड दर्शन कार्यक्रम जैसी पहलों की जानकारी भी प्रधानमंत्री को दी। सीएम धामी ने दिल्ली-मेरठ RRTS का विस्तार मेरठ से हरिद्वार-ऋषिकेश तक करने, रक्षा उपकरण निर्माण हब (कोटद्वार, हरिद्वार, देहरादून), टिहरी झील में सी-प्लेन सेवा, दिल्ली-हल्द्वानी एक्सप्रेसवे, ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल लाइन, टनकपुर-बागेश्वर रेल लाइन, बागेश्वर-कर्णप्रयाग नई रेल लाइन, हरिद्वार-देहरादून रेल लाइन डबलिंग और ऋषिकेश-उत्तरकाशी रेल लाइन का प्रस्ताव रखा। उन्होंने पंतनगर एयरपोर्ट विस्तार, बनबसा लैंड पोर्ट, चिन्यालीसौड़ एयरस्ट्रिप विस्तार और रायवाला में बीआई-डक ब्रिज के विकास पर भी जोर दिया। प्रस्तावित कार्यक्रम में दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे और टिहरी पम्प्ड स्टोरेज प्लांट का लोकार्पण तथा पंतनगर एयरपोर्ट विस्तार और बनबसा लैंड पोर्ट का शिलान्यास शामिल है। मुख्यमंत्री ने होम-स्टे योजना के तहत 6000 से अधिक पंजीकरण, उत्तरास्तेज पोर्टल, चौबटिया में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस, वाइब्रेंट विलेज प्रोग्राम, मुख्यमंत्री सौर स्वरोजगार योजना, मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना, देवभूमि परिवार योजना, अग्निवीरों को 10% आरक्षण और जन विश्वास विधेयक-2026 जैसी पहलों की जानकारी भी दी। प्रधानमंत्री मोदी ने मुख्यमंत्री धामी के प्रस्तावों पर सकारात्मक चर्चा की और उत्तराखंड के समग्र विकास के लिए केंद्र की पूर्ण सहायता का आश्वासन दिया।