नानकमत्ता बाबा तरसेम सिंह के डेरा पहुंचे सीएम धामी, नम आँखों से दी श्रद्धांजलि
नानकमत्ता में कार सेवा डेरा प्रमुख बाबा तरसेम सिंह की गोली मारकर हत्या के बाद देर शाम सीएम धामी नानकमत्ता पहुंचे। जहां सीएम धामी ने बाबा तरसेम सिंह की आत्मा की शांति के लिए आयोजित अखंड पाठ में अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान सीएम धामी बोले कि बाबा तरसेम सिंह की हत्या बहुत ही दुखद घटना है। उनका इस क्षेत्र के लिए बहुत बड़ा योगदान रहा है। उन्होंने गरीबों के लिए कई प्रकार की समाज सेवा की है। साथ ही कहा कि हत्यारोपी कहीं भी छिपे होंगे, उन्हें खोजा जाएगा और कानूनी कार्रवाई के तहत उन्हें सजा दिलाई जाएगी।

दरअसल, 28 मार्च सुबह सरदार तरसेम सिंह की डेरे के बाहर बाइक सवार दो बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। इस घटना को नानकमत्ता गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के जल्द होने वाले चुनाव से जोड़कर भी देखा जा रहा है। हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए एसआईटी गठित कर दी गई है। एसआईटी में स्थानीय पुलिस और एसटीएफ के अफसर शामिल किए गए हैं। वहीं, उधमसिंह नगर एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने लोगों से सामाजिक सद्भाव बनाए रखने की अपील की है। साथ ही कहा है कि जिस किसी को आरोपियों की जानकारी मिले वो तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दें।
