• Home
  • News
  • CM Dhami roared in West Bengal, targeting the Mamata government for appeasement and poor law and order.

पश्चिम बंगाल में धाकड़ अंदाज में गरजे सीएम धामी, ममता सरकार पर तुष्टिकरण और बदहाल कानून व्यवस्था को लेकर साधा निशाना

  • Tapas Vishwas
  • March 05, 2026 02:03 PM
CM Dhami roared in West Bengal, targeting the Mamata government for appeasement and poor law and order.

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी गुरुवार को पश्चिम बंगाल दौरे पर रहे, जहां उन्होंने हिंगलगंज विधानसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी की परिवर्तन यात्रा की शुरुआत की। इस दौरान आयोजित जनसभा और रोड शो में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। अपने संबोधन में मुख्यमंत्री धामी ने जहां भाजपा की नीतियों और विचारधारा को मजबूती से रखा, वहीं पश्चिम बंगाल की ममता बनर्जी सरकार पर तीखा हमला भी बोला। जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री धामी ने सनातन मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि सनातनी हिंदू कभी डरता नहीं है, बल्कि सत्य और राष्ट्र के लिए हमेशा खड़ा रहता है। उनके इस बयान पर सभा में मौजूद लोगों ने जोरदार समर्थन और उत्साह दिखाया। धामी ने कहा कि देश की संस्कृति और परंपराओं की रक्षा करना हर नागरिक का दायित्व है। मुख्यमंत्री ने पश्चिम बंगाल की मौजूदा सरकार पर तुष्टिकरण की राजनीति को बढ़ावा देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि राज्य में युवाओं को कर्मवीर बनाने के बजाय भत्तावीर बनाने की कोशिश की जा रही है, जिससे युवाओं के भविष्य के साथ अन्याय हो रहा है। उनका कहना था कि रोजगार और विकास के अवसर देने के बजाय सरकार केवल भत्तों की राजनीति कर रही है। धामी ने राज्य की आर्थिक स्थिति और कानून व्यवस्था को लेकर भी चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल आज भारी कर्ज के बोझ से दबा हुआ है और कानून-व्यवस्था की स्थिति लगातार खराब होती जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में मातृशक्ति स्वयं को असुरक्षित महसूस कर रही है और सरकारी कर्मचारियों को भी उनके अधिकार समय पर नहीं मिल पा रहे हैं। कार्मिकों को महंगाई भत्ता और अन्य सुविधाएं भी समय पर उपलब्ध नहीं कराई जा रही हैं।

उन्होंने शिक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि पश्चिम बंगाल में हजारों स्कूल बंद हो चुके हैं, जिससे आने वाली पीढ़ी का भविष्य खतरे में पड़ रहा है। इसके साथ ही उन्होंने सीमा पार से हो रही अवैध घुसपैठ का मुद्दा उठाते हुए कहा कि इस गंभीर विषय पर राज्य सरकार की चुप्पी बेहद चिंताजनक है। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि भाजपा का स्पष्ट संकल्प है कि पश्चिम बंगाल में भाजपा की सरकार बनने के बाद अराजक व्यवस्था को समाप्त किया जाएगा और राज्य में सुशासन, सुरक्षा और विकास का नया अध्याय शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा के लिए ‘राष्ट्र प्रथम’ सर्वोच्च सिद्धांत है और इसी भावना के साथ पार्टी देश और समाज की सेवा कर रही है। धामी ने अपने संबोधन में यह भी कहा कि मजबूत और निर्णायक नेतृत्व ही देश और राज्यों को विकास की दिशा में आगे ले जा सकता है। उत्तराखंड में समान नागरिक संहिता (यूसीसी), धर्मांतरण के खिलाफ सख्त कानून और अवैध गतिविधियों पर कार्रवाई जैसे फैसलों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि विकास और सुशासन भाजपा की पहचान है।


संबंधित आलेख: