गढ़ी कैंट में सीएम धामी ने लिया गैस संकट का जायजा, होटल-रेस्टोरेंट संचालकों से कहा- कोरोनाकाल की तरह एकजुटता से लड़ेंगे चुनौती
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को गढ़ी कैंट क्षेत्र स्थित एक रेस्टोरेंट में अचानक पहुंचकर रसोई गैस आपूर्ति की व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने रेस्टोरेंट संचालक से गैस की उपलब्धता, सप्लाई व्यवस्था और खपत के बारे में विस्तार से जानकारी ली।
रेस्टोरेंट संचालक ने बताया कि गैस सप्लाई में थोड़ी कमी जरूर आई है, लेकिन फिलहाल नियमित रूप से गैस मिल रही है। उन्होंने बताया कि गैस की खपत कम करने के लिए वे तंदूर का ज्यादा इस्तेमाल कर रहे हैं। मुख्यमंत्री धामी ने इस पहल की सराहना की और प्रशासन को निर्देश दिए कि वैकल्पिक ऊर्जा स्रोतों के उपयोग को बढ़ावा देने के लिए आवश्यक प्रबंध किए जाएं। सीएम धामी ने कहा, “अभी गैस का बहुत अधिक संकट नहीं है। फिर भी आने वाले दिनों में यदि स्थिति बिगड़ती है तो कोरोनाकाल की तरह पूरे प्रदेश को एकजुटता के साथ इस चुनौती का सामना करना होगा।” उन्होंने जोर देकर कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार गैस आपूर्ति सुचारू रखने के लिए पूरा प्रयास कर रही है। मुख्यमंत्री ने सभी होटल और रेस्टोरेंट संचालकों से अपील की कि वे गैस की बचत करें और जरूरत से ज्यादा बुकिंग न करें। साथ ही आम जनता से भी अनावश्यक पैनिक बुकिंग से बचने की सलाह दी। निरीक्षण के दौरान सीएम धामी ने स्पष्ट किया कि वर्तमान में गैस की आपूर्ति हो रही है और सरकार स्थिति पर निरंतर नजर रखे हुए है। उन्होंने कहा कि यदि भविष्य में कोई बड़ी समस्या आती है तो राज्य सरकार और केंद्र सरकार मिलकर इसे जल्द से जल्द हल करेंगी। यह अचानक निरीक्षण देहरादून में चल रहे गैस संकट के बीच मुख्यमंत्री का संवेदनशील रुख दर्शाता है। सीएम के इस दौरे से होटल-रेस्टोरेंट व्यवसायियों में भी विश्वास बढ़ा है कि सरकार उनकी समस्याओं को गंभीरता से ले रही है।