डॉक्टर्स डे पर सीएम धामी का बड़ा एलान: 'उत्तराखंड में डॉक्टरों से हिंसा बर्दाश्त नहीं, सुरक्षा और सम्मान सरकार की प्राथमिकता
देहरादून। नेशनल डॉक्टर्स डे के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश के चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों को बड़ी सौगात देते हुए उनके कार्यस्थल की सुरक्षा और सम्मान को लेकर राज्य सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई है। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन, देहरादून शाखा द्वारा चकराता रोड स्थित एक स्थानीय होटल में आयोजित भव्य कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करते हुए मुख्यमंत्री ने दो टूक शब्दों में कहा कि राज्य में किसी भी चिकित्सक या स्वास्थ्य कर्मी के साथ हिंसा या अभद्र व्यवहार को किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं के ऐतिहासिक विस्तार और पर्वतीय क्षेत्रों में चिकित्सा ढांचे को मजबूत करने के लिए कई महत्वपूर्ण विकास कार्यों की प्रगति साझा की। मुख्यमंत्री ने भारत रत्न डॉ. बिधान चंद्र रॉय की जयंती और पुण्यतिथि पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने उत्कृष्ट कार्य करने वाले चिकित्सकों को सम्मानित करते हुए कहा कि देवभूमि उत्तराखंड की विषम और कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बीच हमारे डॉक्टर्स जनसेवा का जो उदाहरण पेश कर रहे हैं, वह सराहनीय है।
सीएम ने कोरोना महामारी के संकट काल को याद करते हुए कहा कि उस दौर में हमारे डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ और पैरामेडिकल कर्मियों ने अपने प्राणों की परवाह किए बिना मानवता की रक्षा की। कई चिकित्सकों ने सेवा करते हुए अपने प्राणों का बलिदान दे दिया, जिनका यह सर्वोच्च त्याग देश हमेशा याद रखेगा। मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में उत्तराखंड का स्वास्थ्य ढांचा लगातार मजबूत हो रहा है। आयुष्मान भारत योजना प्रदेश के गरीब और जरूरतमंद परिवारों के लिए वरदान साबित हुई है। प्रदेश में अब तक रिकॉर्ड 62 लाख से अधिक आयुष्मान कार्ड बनाए जा चुके हैं। योजना के अंतर्गत लगभग 12 लाख से ज्यादा मरीजों को ₹2300 करोड़ से अधिक का कैशलेस और निःशुल्क उपचार उपलब्ध कराया जा चुका है। सूबे में वर्तमान में 5 सरकारी मेडिकल कॉलेज पूरी मजबूती से संचालित हो रहे हैं, जबकि 2 नए मेडिकल कॉलेजों का निर्माण कार्य युद्धस्तर पर चल रहा है। प्रदेश के नागरिकों को इलाज के लिए राज्य से बाहर न जाना पड़े, इसके लिए देहरादून, हल्द्वानी और श्रीनगर मेडिकल कॉलेजों में सुपर स्पेशियलिटी सेवाओं का लगातार विस्तार किया जा रहा है। सीएम धामी ने बताया कि हल्द्वानी में एक अत्यंत आधुनिक कैंसर संस्थान का निर्माण कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। इसके अलावा, ऊधमसिंह नगर के किच्छा में बन रहे 'एम्स सेटेलाइट सेंटर' का काम अब अपने अंतिम चरण में है, जो जल्द ही जनता को समर्पित किया जाएगा। पहाड़ के दूरदराज और दुर्गम इलाकों तक त्वरित स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के लिए सरकार ने आधुनिक तकनीक का सहारा लिया है। डिजिटल हेल्थ, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और टेलीमेडिसिन सेवाओं को सुदूर गांवों से जोड़ा गया है। इसके साथ ही, गंभीर रूप से बीमार पहाड़ी क्षेत्रों के मरीजों के लिए 'हेली एंबुलेंस सेवा' आज के समय में वास्तविक जीवनरक्षक (लाइफ सेवर) साबित हो रही है। मुख्यमंत्री ने आईएमए और समाज से सामूहिक प्रयास करने का आह्वान करते हुए कहा कि अस्पताल सिर्फ आधुनिक मशीनों से नहीं, बल्कि समर्पित मानव संसाधन से चलते हैं। मरीज के लिए डॉक्टर केवल दवा देने वाला नहीं, बल्कि विश्वास और संवेदना का साक्षात प्रतीक होता है। सरकार डॉक्टरों और नर्सिंग अधिकारियों की रिक्तियों को तेजी से भरने पर विशेष ध्यान दे रही है ताकि वर्कलोड कम हो सके और डॉक्टरों को काम करने का एक बेहतरीन और सुरक्षित माहौल मिल सके।