नैनीताल में एसआईआर के खिलाफ कांग्रेस का हल्लाबोल! पंत पार्क से गांधी चौक तक निकली ‘वोट बचाओ, संविधान बचाओ’ यात्रा
नैनीताल। कांग्रेस ने ‘वोट बचाओ, संविधान बचाओ’ यात्रा निकालकर मतदाता अधिकारों और संविधान की रक्षा का मुद्दा उठाया। नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य के नेतृत्व में पंत पार्क से गांधी चौक तक निकाली गई इस यात्रा में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और नेता शामिल हुए। इस दौरान नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी वर्ष 2023 से लगातार देश में वोट चोरी का मुद्दा उठाते आ रहे हैं, लेकिन उनकी बात को अब तक गंभीरता से नहीं लिया गया। यशपाल आर्य ने आरोप लगाया कि चुनाव में कथित तौर पर वोट चोरी के जरिए भाजपा को फायदा पहुंचाया जा रहा है और नियमों के विपरीत मतदाता सूची से लोगों के नाम हटाए जा रहे हैं। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार से तत्काल इस्तीफे की मांग की। साथ ही केंद्र सरकार से एसआईआर प्रक्रिया पर रोक लगाने की मांग करते हुए कहा कि कांग्रेस की यह यात्रा मतदाता अधिकारों की रक्षा और संविधान से जुड़े मुद्दों को जनता के बीच उठाने के लिए निकाली जा रही है।