• Home
  • News
  • Congress protests in Rudrapur over the NEET controversy: Effigy of the Central Government burned in protest against the alleged police action against students at Jantar Mantar; demand raised for the Education Minister's resignation.

रुद्रपुर में NEET विवाद को लेकर कांग्रेस का हल्लाबोलः जंतर-मंतर पर छात्रों पर कथित पुलिस कार्रवाई के विरोध में फूंका केंद्र सरकार का पुतला! शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग

editor
  • Awaaz Desk
  • July 22, 2026 11:07 AM
Congress protests in Rudrapur over the NEET controversy: Effigy of the Central Government burned in protest against the alleged police action against students at Jantar Mantar; demand raised for the Education Minister's resignation.

रुद्रपुर। दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्र आंदोलन के दौरान कथित लाठीचार्ज और छात्रों के साथ हुई पुलिस कार्रवाई के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रुद्रपुर में प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने छात्रों को न्याय दिलाने की मांग करते हुए केंद्र की भाजपा सरकार का पुतला दहन किया और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार छात्रों की आवाज को दबाने का प्रयास कर रही है और उनकी समस्याओं का समाधान करने के बजाय आंदोलन को कुचलने की कोशिश की जा रही है। कांग्रेस महानगर अध्यक्ष ममता रानी के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ता ट्रांजिट कैंप क्षेत्र स्थित शिवनगर चामुंडा मंदिर के पास एकत्र हुए। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए सरकार का पुतला फूंका। प्रदर्शनकारियों ने NEET परीक्षा में कथित पेपर लीक और परीक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे छात्रों के समर्थन में अपनी आवाज बुलंद की। कांग्रेस जिलाध्यक्ष हिमांशु गावा ने कहा कि भाजपा सरकार लोकतांत्रिक मूल्यों को कमजोर करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले करीब एक महीने से छात्र जंतर-मंतर पर अपनी मांगों को लेकर धरना दे रहे हैं, लेकिन सरकार उनकी आवाज सुनने को तैयार नहीं है। उन्होंने कहा कि देश का युवा अब अपने अधिकारों को लेकर जागरूक हो चुका है और सरकार की नीतियों का जवाब लोकतांत्रिक तरीके से देगा। महानगर अध्यक्ष ममता रानी ने कहा कि NEET पेपर लीक मामले को लेकर छात्र शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि समाजसेवी सोनम वांगचुक ने भी छात्रों के आंदोलन को समर्थन दिया, लेकिन पुलिस द्वारा उन्हें धरना स्थल से हटाकर अस्पताल ले जाने की कार्रवाई की गई। कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि संसद की ओर मार्च कर रहे छात्रों पर भी पुलिस ने कथित तौर पर लाठीचार्ज किया, जिसमें कई छात्र घायल हुए। ममता रानी ने कहा कि कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी भी छात्रों के समर्थन में सामने आए, लेकिन उन्हें भी हिरासत में लिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार छात्रों और विपक्ष की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि छात्रों की मांगों पर जल्द सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई तो पार्टी आंदोलन को और तेज करेगी। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।


संबंधित आलेख: