• Home
  • News
  • Controversial Slogan on Highway Case: Links Traced to Dehradun; Three Accused—Including Two Women from Hindu Raksha Dal—Arrested

हाईवे पर विवादित स्लोगन मामला: देहरादून से जुड़े तार, हिंदू रक्षा दल की दो युवतियों समेत तीन आरोपी गिरफ्तार

  • Tapas Vishwas
  • March 15, 2026 01:03 PM
Controversial Slogan on Highway Case: Links Traced to Dehradun; Three Accused—Including Two Women from Hindu Raksha Dal—Arrested

देहरादून। दिल्ली-देहरादून नेशनल हाईवे पर सांप्रदायिक और विवादित स्लोगन लिखने के मामले में सहारनपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने इस मामले में देहरादून निवासी तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें दो युवतियां और एक युवक शामिल हैं। बताया जा रहा है कि तीनों आरोपी 'हिंदू रक्षा दल' से जुड़े हुए हैं। कोर्ट के आदेश के बाद पुलिस ने इन तीनों को जेल भेज दिया है। यह विवाद बीते 26 फरवरी को शुरू हुआ था। जानकारी के मुताबिक, देहरादून की दो युवतियां अपने दोस्तों के साथ दिल्ली-देहरादून हाईवे से गुजर रही थीं। इसी दौरान उन्होंने अपनी कार रोकी और स्प्रे पेंट की मदद से हाईवे की सड़क पर विवादित सांप्रदायिक स्लोगन लिख दिए। आरोपियों ने इस कृत्य का वीडियो भी बनाया, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।

वायरल वीडियो में एक लाल रंग की कार (नंबर- DL 3CC N 3785 के समान स्वरूप की) दिखाई दी थी। वीडियो में दिख रहे रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर जब आरटीओ से जानकारी जुटाई गई, तो पता चला कि यह कार हिंदू रक्षा दल के प्रदेश अध्यक्ष ललित शर्मा की है। ललित शर्मा ने बाद में खुद इस बात को स्वीकार किया था कि कार्यकर्ताओं ने आक्रोश में आकर ऐसा किया है। उन्होंने बयान दिया था कि देश विरोधी गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ संगठन में गुस्सा है। शुक्रवार को सहारनपुर की बिहारीगढ़ थाना पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपियों का एक बयान सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। आरोपियों ने बेखौफ अंदाज में कहा कि उन्हें अपने किए पर कोई पछतावा नहीं है। उन्होंने कहा, "हम सनातन धर्म की रक्षा के लिए कुछ भी कर सकते हैं और इसके लिए एक बार नहीं, सौ बार जेल जाने को तैयार हैं। मामले की संवेदनशीलता और बढ़ते विवाद को देखते हुए पुलिस ने पहले अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। जांच के बाद पुख्ता सबूत मिलने पर पुलिस ने तीनों को दबोच लिया। वरिष्ठ अधिकारियों का कहना है कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने और सांप्रदायिक सौहार्द को चोट पहुंचाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।


संबंधित आलेख: