देहरादून में रसोई गैस महंगी: घरेलू सिलिंडर 68 रुपये और कमर्शियल 150 रुपये तक बढ़ा
राजधानी देहरादून में रसोई गैस उपभोक्ताओं को महंगाई का एक और झटका लगा है। तेल कंपनियों ने घरेलू और कमर्शियल गैस सिलिंडर की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी है, जिसके बाद नई दरें तत्काल प्रभाव से लागू हो गई हैं। कीमतों में बढ़ोतरी के बाद आम उपभोक्ताओं से लेकर होटल और रेस्टोरेंट संचालकों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ बढ़ गया है।
नई दरों के अनुसार देहरादून में 14.2 किलो के घरेलू एलपीजी सिलिंडर की कीमत में 68 रुपये की बढ़ोतरी हुई है। पहले यह सिलिंडर 872 रुपये में उपलब्ध था, जो अब बढ़कर 940 रुपये हो गया है। वहीं कमर्शियल गैस सिलिंडर की कीमतों में भी करीब 150 रुपये तक का इजाफा किया गया है। पहले 1850 रुपये में मिलने वाला कमर्शियल सिलिंडर अब लगभग 2000 रुपये में मिल रहा है। कीमतों में अचानक हुई इस बढ़ोतरी से आम लोगों की रसोई का बजट प्रभावित होने की संभावना है। खासकर मध्यम वर्ग और छोटे व्यवसायियों के लिए यह बढ़ोतरी चिंता का कारण बन सकती है। होटल, ढाबा और रेस्टोरेंट संचालकों का कहना है कि कमर्शियल सिलिंडर की कीमत बढ़ने से उनके संचालन खर्च में भी बढ़ोतरी होगी। जिला पूर्ति अधिकारी केके अग्रवाल ने बताया कि पेट्रोल और डीजल की कीमतों में फिलहाल कोई बढ़ोतरी नहीं हुई है। उन्होंने उपभोक्ताओं से घबराने या अनावश्यक गैस की खरीदारी करने से बचने की अपील की है। उनका कहना है कि देहरादून जिले में एलपीजी, पेट्रोल और डीजल की पर्याप्त आपूर्ति उपलब्ध है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि पश्चिमी एशिया में चल रहे युद्ध का जिले में गैस आपूर्ति पर कोई असर नहीं पड़ा है। कमर्शियल सिलिंडर की आपूर्ति बृहस्पतिवार को कुछ कारणों से प्रभावित हुई थी, लेकिन शनिवार तक स्थिति पूरी तरह सामान्य हो गई है। प्रशासन ने उपभोक्ताओं को आश्वस्त किया है कि जिले में किसी भी प्रकार की कमी नहीं होने दी जाएगी।