मतगणना कलः कल होगा प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला! केन्द्रीय बल के पहरे में होगी काउंटिंग, उत्तराखण्ड में पुलिस और प्रशासनिक अमला अलर्ट मोड पर
उत्तराखण्ड के साथ ही कल पड़ोसी राज्य यूपी में भी मतगणना होगी। मतगणना को लेकर जहां लोगों में उत्सुकता है वहीं प्रत्याशियों के दिलों की धड़कने भी तेज हो गयी हैं। उधर मतगणना से पहले यूपी में ईवीएम मशीनों से छेड़छाड़ की खबरें भी सामने आ रही हैं। उधर निर्वाचन आयोग मतगणना की तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटा हुआ है। कल मतगणना के दौरान पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड पर रहेगा। इस दौरान केन्द्रीय सशस्त्र पुलिस बल की निगरानी में काउंटिंग होगी। उधर उत्तराखण्ड में भी कल ही मतगणना होगी। मतगणना को लेकर सभी जिलों में प्रशासनिक अमला और पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया है। देर शाम प्रशासनिक अधिकारियों ने पुलिस के साथ बैठककर मतगणना को लेकर मंथन किया। यूपी एडीजी कानून-व्यवस्था प्रशांत कुमार का कहना है कि 10 मार्च को मतगणना के लिए 250 कंपनी केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल तैनात रहेगा। इसके अलावा 61 कंपनी पीएसी, 625 राजपत्रित पुलिस अधिकारी, 1807 निरीक्षक, 9598 उपनिरीक्षक, 11627 मुख्य आरक्षी व 48649 आरक्षी चप्पे-चप्पे पर मुस्तैद रहेंगे।
उत्तराखण्ड की बात करें तो यहां प्रशासन ने सुरक्षा के लिहाज से त्रिचक्रीय व्यवस्था की है। जिसमें बाहरी व मध्य क्षेत्र में स्थानीय पुलिस, जबकि भीतरी चक्र में केंद्रीय पुलिस बल के सशस्त्र जवान तैनात रहेंगे। इसके साथ ही प्रशासनिक स्तर पर भी पूरा इंतजाम किया गया है। प्रत्येक मतगणना टेबल में मतगणना सुपरवाइजर, मतगणना सहायक व एक माइक्रो आब्जर्वर की तैनाती रहेगी।