• Home
  • News
  • Dehradun gangster murder case solved: Two arrested, reward announced on six accused

देहरादून गैंगस्टर हत्याकांड का खुलासा: दो गिरफ्तार, छह आरोपितों पर इनाम घोषित

  • Tapas Vishwas
  • February 23, 2026 10:02 AM
Dehradun gangster murder case solved: Two arrested, reward announced on six accused

देहरादून। देहरादून में चर्चित गैंगस्टर विक्रम शर्मा हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। उत्तराखंड पुलिस और स्पेशल टास्क फोर्स उत्तराखंड (एसटीएफ) की संयुक्त कार्रवाई में दो आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि छह अन्य अभी फरार हैं। फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और प्रत्येक पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है। सोमवार को आयोजित प्रेस वार्ता में पुलिस अधिकारियों ने बताया कि 13 फरवरी को डालनवाला क्षेत्र स्थित सिल्वर सिटी मॉल में अज्ञात हमलावरों ने गैंगस्टर विक्रम शर्मा की गोली मारकर हत्या कर दी थी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और फोरेंसिक टीम की मदद से अहम साक्ष्य जुटाए गए।

जांच में सामने आया कि मृतक झारखंड का कुख्यात अपराधी था और उसके खिलाफ हत्या, रंगदारी समेत कई संगीन आपराधिक मामले दर्ज थे। पुलिस ने मामले के खुलासे के लिए सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस और अन्य तकनीकी साक्ष्यों का सहारा लिया। जांच में पता चला कि तीन हमलावर बाइक से आए थे और वारदात को अंजाम देने के बाद सहस्रधारा क्षेत्र में वाहन बदलकर हरिद्वार की ओर फरार हो गए। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद कर झारखंड और ग्रेटर नोएडा तक छानबीन की। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से दो आरोपितोंअक्षत ठाकुर उर्फ संजीव कुमार और राजकुमार, दोनों निवासी जमशेदपुर, झारखंड को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि हत्या पुरानी आपराधिक रंजिश और क्षेत्र में वर्चस्व स्थापित करने की साजिश के तहत की गई थी। पुलिस के अनुसार, हत्या की योजना लंबे समय से बनाई जा रही थी और आरोपितों ने अलग-अलग राज्यों में ठिकाने बनाए थे ताकि पुलिस की नजर से बच सकें। फरार आरोपितों में अंकित वर्मा, आशुतोष सिंह, विशाल सिंह, आकाश कुमार प्रसाद, यशराज और जितेंद्र कुमार साहु शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही सभी आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस सनसनीखेज हत्याकांड के खुलासे को पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है।


संबंधित आलेख: