देहरादूनः जमीन के नाम पर फर्जीवाड़ा करने वाला फरार आरोपी गिरफ्तार! सहसपुर थाना पुलिस को मिली सफलता, कई लोगों को बेचा था एक ही प्लॉट
देहरादून। एक ही जमीन कई लोगों को बेचकर बड़ा घपला करने वाले फरार आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। सहसपुर थाना पुलिस ने आज आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया। जानकारी के अनुसार रतनपुर नयागांव निवासी विनोद कुमार बहुगुणा पुत्र स्व. शंभू दत्त बहुगुणा के खिलाफ जमीन के नाम पर फर्जीवाड़ा करने का आरोप था। इस मामले में शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया था कि विनोद कुमार बहुगुणा ने एक ही प्लॉट कई लोगों को बेच दिया, जिसके चलते कई लोगों का नुकसान हो गया। इस मामले में तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया था, जिसमें से दो लोगों ने पुलिस को जांच-पड़ताल में सहयोग किया, लेकिन विनोद कुमार बहुगुणा पिछले एक साल से लगातार फरार चल रहा था। इसको लेकर सहसपुर थाना पुलिस ने न्यायालय से एनबीडब्ल्यू लेकर आरोपी की तलाश में कई जगहों पर दबिश दी। इसी क्रम में मुखबीर की सूचना पर उप निरीक्षक निखिलेश सिंह बिष्ट ने अपनी टीम के साथ दबिश देकर एकता बिहार कॉलोनी रतनपुर, नयागांव से आरोपी विनोद कुमार बहुगुणा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस टीम में एसआई निखिलेश सिंह बिष्ट के साथ कांस्टेबल नरेश पंत, संदीप कुमार मौजूद रहे।