• Home
  • News
  • Dehradun: Tragic road accident near Chillad! Car plunges into 300-meter-deep gorge; one person dies on the spot.

देहरादूनः चिल्लाड़ के पास दर्दनाक सड़क हादसा! 300 मीटर गहरी खाई में गिरी कार, एक की मौके पर मौत

editor
  • Awaaz Desk
  • October 03, 2026 05:10 AM
Dehradun: Tragic road accident near Chillad! Car plunges into 300-meter-deep gorge; one person dies on the spot.

विकासनगर। देहरादून जिले के त्यूणी तहसील क्षेत्र में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। चिल्लाड़ नामक स्थान के पास एक फोर्ड फ्रीस्टाइल कार अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 300 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के समय कार में चालक समेत तीन लोग सवार थे। दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही त्यूणी पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और गहरी खाई में रेस्क्यू अभियान शुरू किया। जानकारी के अनुसार, यूपी 37 पी 6641 नंबर की फोर्ड फ्रीस्टाइल कार चकराता मोटर मार्ग से गुजर रही थी। इसी दौरान चिल्लाड़ के पास वाहन अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे करीब 300 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। खाई काफी दुर्गम होने के कारण राहत और बचाव दल को घटनास्थल तक पहुंचने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। हादसे की सूचना मिलने के बाद एसडीआरएफ पोस्ट त्यूणी से टीम मौके के लिए रवाना हुई। एसडीआरएफ की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। हादसे में एक व्यक्ति की घटनास्थल पर ही मौत हो चुकी थी, जबकि दो घायल वाहन के पास खाई में फंसे हुए थे। एसडीआरएफ जवानों ने सावधानीपूर्वक गहरी खाई में उतरकर रेस्क्यू अभियान चलाया। काफी मशक्कत के बाद टीम ने दोनों घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र त्यूणी भेजा गया। एसडीआरएफ कांस्टेबल नवीन सिंह ने बताया कि हादसे में जान गंवाने वाले व्यक्ति की पहचान 39 वर्षीय दुर्गेश चौधरी के रूप में हुई है। वह उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले के फतापुर का रहने वाला था। वहीं, हादसे में घायल हुए 27 वर्षीय सुनील मंडल दिल्ली के महावीर एन्क्लेव निवासी बताए गए हैं। दूसरे घायल की पहचान देहरादून निवासी ऋषभ के रूप में हुई है। दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए सीएचसी त्यूणी भेजा गया है। थाना प्रभारी त्यूणी कुलदीप शाह ने बताया कि हादसा किस वजह से हुआ, इसकी जांच की जा रही है। 


संबंधित आलेख: