दून हादसाः केंटर चालक की गिरफ्तार! पूछताछ में किए चौंकाने वाले खुलासे, लाशें बिखरी देख भाग गया था रामकुमार
देहरादून। राजधानी दून के ओएनजीसी चौक पर हुए भीषण कार हादसा मामले में पुलिस ने कंटेनर चालक को गिरफ्तार कर लिया है। खबरों के मुताबिक पूछताछ में चालक ने चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। बता दें कि बीती 12 नवंबर को देहरादून के ओएनजीसी चौक पर इनोवा कार हादसे का शिकार हो गई थी। यह कार सीधे कंटेनर के पिछले हिस्से में टकरा गई थी, जिसमें कार बुरी तरह से चकनाचूर हो गई थी। इस हादसे में 3 युवक और 3 युवतियों की मौके पर ही मौत हो गई थी। जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया था। वहीं हादसे के बाद कंटेनर चालक फरार हो गया था, जिसे अब पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक जिस कंटेनर से कार टकराई थी वह हादसे की रात कंटेनर से एचडीडी मशीन को कौलागढ़ में चल रहे ड्रिलिंग के काम के लिए कौलागढ़ लेकर जा रहा था, जिसे सहारनपुर के बिहारीगढ़ के इस्माइलपुर का रहने वाला रामकुमार उर्फ रामू पुत्र तेजपाल चला रहा था। हादसे के समय ड्राइवर रामकुमार कंटेनर को किशन नगर की ओर से सामान्य गति से कौलागढ़ की ओर ले जा रहा था। ओनएनजीसी चौक पर कंटेनर को सीधे कौलागढ़ रोड की ओर ले जाने के दौरान चौक से पूरा कंटेनर लगभग निकल ही गया था। तभी अचानक बल्लूपुर की ओर से आ रही इनोवा कार कंटेनर के पिछले हिस्से से टकरा गई, जिसमें इनोवा कार सवार युवकों की मौत हो गई। जिसके बाद चालक फरार हो गया था। वहीं पुलिस ने देहरादून कैंट क्षेत्र से ड्राइवर रामकुमार को हिरासत में लिया। पूछताछ में रामकुमार ने बताया कि हादसे की रात ओएनजीसी चौक पर बल्लूपुर की ओर से आ रही एक इनोवा कार कंटेनर के पिछले हिस्से से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी। हादसे के बाद वो कंटेनर के पिछले हिस्से की ओर गया, जहां दुर्घटनाग्रस्त कार में शव पड़े मिले, जिसे देखकर वो घबरा गया। इसके बाद रामकुमार अपनी और अपने वाहन की पहचान छुपाने की कोशिश करने लगा और वह कंटेनर की नंबर प्लेट को लेकर मौके से फरार हो गया। पूछताछ में उसने बताया कि पकड़े जाने के डर से उसने अपना मोबाइल फोन भी बंद कर दिया। अपने घर न जाकर किसी अज्ञात स्थान पर छुप गया था।