भीषण गर्मी में राहत की बूंदेः उत्तराखण्ड में पहाड़ से लेकर मैदान तक झमाझम बरसे मेघ! तराई में छतों पर झूमते नजर आए लोग, पढ़ें मौसम विभाग का अलर्ट
देहरादून। उत्तराखण्ड में पहाड़ से लेकर मैदान तक बारिश का दौर शुरू है। आज सुबह से ही मौसम ने करवट बदली है, झमाझम हुई बारिश के बाद लोगों को गर्मी से राहत मिली है। उधर पहाड़ों पर देर शाम से लगातार बारिश हो रही है, जिसके चलते चोटियों पर हिमपात की खबर भी सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि यमुनोत्री धाम की चोटियों पर बर्फबारी से तापमान में खासी गिरावट दर्ज की गयी है। उधर श्रीनगर और आसपास के क्षेत्रों में रात से हल्की बारिश जारी है। नई टिहरी और आसपास के क्षेत्रों में भी बीती रात से झमाझम बारिश होने से मौसम में ठंडक आ गई है।

उधर मौसम विभाग ने कुमाऊं क्षेत्र के कुछ इलाकों में भारी बारिश और दून समेत मैदानी क्षेत्रों में भी हल्की बारिश के साथ ही तेज आंधी की संभावना जताई है। भारी बारिश को देखते हुए मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है।
फिलहाल बारिश से मौसम सुहाना हो गया है और लोग गर्मी को भूलकर मौसम का मजा ले रहे हैं। तराई में लोग घरों की छतों में आकर बारिश में नहाते नजर आए। इस दौरान लोगों की मस्ती से उनके खुशी का अंदाजा साफ हो रहा था। बता दें कि मैदानी इलाकों खासतौर पर तराई में पिछले काफी समय से लोग गर्मी की मार झेल रहे थे। लगातार पड़ रही गर्मी से लोगों का बुरा हाल था लेकिन गर्मी के बीच बारिश की बूंदे राहत लेकर आई हैं।
