उत्तराखण्ड में फिर कांपी धरतीः बागेश्वर में 3.4 तीव्रता के भूकंप के झटके! हिमालयन बेल्ट को लेकर बढ़ी चिंता
बागेश्वर। बागेश्वर से एक बड़ी खबर सामने आई है, यहां आज भूकंप के झटके महसूस किए गए। नेशनल सेंटर ऑफ सिस्मोलॉजी के अनुसार भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 3.4 थी। भूकंप केंद्र की गहराई 10 किलोमीटर नीचे बताई गई है। हांलाकि भूकंप की तीव्रता बहुत कम थी। कई लोगों को तो इसका अहसास भी नहीं हुआ। गौरतलब है कि उत्तराखंड में साल 2026 का पहला भूकंप भी बागेश्वर जिले में ही आया था। 13 जनवरी को उत्तराखंड के बागेश्वर जिले में आए भूकंप की तीव्रता 3.5 थी। इसके बाद 27 जनवरी को उत्तरकाशी जिले में भूकंप के झटके आए थे। गौरतलब है कि भारत सरकार के ब्यूरो ऑफ इंडियन स्टैंडर्ड (BIS) ने नेशनल सिस्मिक हजार्ड मैप को पिछले साल नवंबर के अंत में अपडेट किया था। पुराने सिस्मिक हजार्ड मैप में देश को 4 जोन (II, III, IV, V) में बांटा गया था। नए मैप में एक और नया जोन VI जोड़ा गया. इसके तहत देश की पूरी हिमालयन बेल्ट यानी अरुणाचल प्रदेश से लेकर जम्मू-कश्मीर तक को भूकंप के लिहाज से जोन VI में रखा गया है। इसका मतलब यह है कि हिमालयन बेल्ट में बड़े या फिर विनाशकारी भूकंप की आशंका बनी हुई है। पुराने सिस्मिक हजार्ड मैप में पांच ही जोन थे, लेकिन नए में VI (6) जोन हो गए। इसका मतलब ये हुआ कि पहले उत्तराखंड के कुछ पहाड़ी जिले ही जोन 5 में आते थे। अब पूरा उत्तराखंड ही जोन 6 में है।