शिक्षा विभाग का प्रवेश पखवाड़ा कार्यक्रमः उप निदेशक ने ताकुला में विभिन्न विद्यालयों का किया निरीक्षण, दिए जरूरी दिशा-निर्देश! कल से मनाया जायेगा प्रवेशोत्सव
देहरादून। शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित प्रवेश पखवाड़ा कार्यक्रम के तहत आज माध्यमिक शिक्षा निदेशालय के उप निदेशक जगमोहन सौनी द्वारा ताकुला विकास खण्ड के विभिन्न विद्यालयों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने स्कूल प्रबंधन को जरूरी दिशा-निर्देश देते हुए अभिभावकों को जागरूक किया। उन्होंने ताकुल के राजकीय प्राथमिक विद्यालय जाख सौड़ा, भेटुली, राजकीय इंटर कॉलेज सुनौली, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज सारकोट सहित अनेक विद्यालयों का निरीक्षण कर सरकार द्वारा दी जाने वाली सुविधाओं, निशुल्क पाठ्यपुस्तक, गणवेश आदि के बारे में जानकारी दी। इस दौरान उप निदेशक सौनी ने अभिभावकों से अपील करते हुए अधिक से अधिक बच्चों को सरकारी विद्यालयों में प्रवेश दिलाकर योजनाओं का लाभ प्राप्त करने की बात कही। बता दें शिक्षा विभाग द्वारा विगत 1 अप्रैल से राजकीय विद्यालयों में छात्र नामांकन में वृद्धि के लिए राज्यभर में प्रवेश पखवाड़ा मनाया जा रहा है। इसी के तहत कल से प्रत्येक विद्यालय में नवप्रवेशित बच्चों के स्वागत के लिए प्रवेशोत्सव कार्यक्रम मनाया जायेगा। निरीक्षण के दौरान खण्ड शिक्षा अधिकारी विनय दुआ, डायट मेंटर डॉ. बीसी पाण्डेय, समन्वयक भुवन सिराड़ी, डॉ. ललित पाठक आदि मौजूद थे।
