हाथी का आतंकः कोटद्वार में पैदल घर लौट रहे ग्रामीण को उतारा मौत के घाट! दहशत में ग्रामीण, परिजनों में मचा कोहराम
कोटद्वार। कोटद्वार से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, यहां लैंसडौन वन प्रभाग की दुगड्डा रेंज में हाथी ने एक ग्रामीणों को पटककर मार डाला। हाथी द्वारा ग्रामीण को मौत के घाट उतारने की खबर से क्षेत्र में दहशत फैल गयी। जानकारी के मुताबिक लैंसडौन वन प्रभाग की दुगड्डा रेंज के अंतर्गत दुगड्डा क्षेत्र से पैदल मार्ग से अपने गांव जा रहे एक ग्रामीण 50 वर्षीय रोशन सिंह को हाथी ने मार डाला। घटना शुक्रवार देर शाम की बताई जा रही है। घटना की जानकारी शनिवार सुबह वन विभाग को मिली। ग्रामीणों ने बताया कि जब शुक्रवार रात तक रोशन गांव नहीं पहुंचा तो शनिवार सुबह उसकी तलाश शुरू की गई। पैदल मार्ग पर खोह नदी के किनारे उनका शव मिला है। बताया जा रहा है कि शुक्रवार शाम रोशन सिंह एक अन्य व्यक्ति के साथ दुगड्डा से करीब 5 किमी नीचे एनएच से जंगल के रास्ते अपने गांव बेणी जमरगड्डी जा रहा था। रोशन सिंह ने पूर्व में दुगड्डा रेंज में वन श्रमिक के रुप में काम किया है। घटना से परिजनों में कोहराम मचा है।