• Home
  • News
  • Former BJP MLA from Rudrapur, Rajkumar Thukral, joins Congress; formally inducted in Delhi.

रुद्रपुर के पूर्व भाजपा विधायक राजकुमार ठुकराल ने थामा कांग्रेस का दामन, दिल्ली में ग्रहण की सदस्यता

  • Tapas Vishwas
  • March 28, 2026 12:03 PM
Former BJP MLA from Rudrapur, Rajkumar Thukral, joins Congress; formally inducted in Delhi.

रुद्रपुर। करीब चार साल से राजनीतिक वनवास झेल रहे रुद्रपुर के पूर्व भाजपा विधायक राजकुमार ठुकराल ने आखिरकार कांग्रेस पार्टी का दामन थाम लिया है। शनिवार को नई दिल्ली स्थित 24 अकबर रोड पर भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के मुख्यालय पहुंचकर उन्होंने औपचारिक रूप से पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। ठुकराल कल से दिल्ली में थे और अकेले ही कांग्रेस मुख्यालय पहुंचे थे। लेकिन जैसे ही उनकी कांग्रेस में शामिल होने की खबर फैली, रुद्रपुर से सैकड़ों समर्थक दिल्ली पहुंच गए। कांग्रेस मुख्यालय पर समर्थकों में खासा उत्साह देखा गया। उन्होंने अपने नेता के इस फैसले का जोरदार स्वागत किया। इस मौके पर उत्तराखंड कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, पूर्व मंत्री यशपाल आर्य, हरक सिंह रावत, तिलक राज बेहड़ सहित कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी मौजूद रहे। पिछले कुछ दिनों से राजनीतिक गलियारों में राजकुमार ठुकराल के कांग्रेस में शामिल होने की चर्चाएं जोरों पर थीं। पार्टी आलाकमान से हरी झंडी मिलने के बाद उन्होंने यह कदम उठाया। पिछले कई वर्षों से सक्रिय राजनीति से दूर रहे ठुकराल के लिए यह फैसला नई राजनीतिक शुरुआत माना जा रहा है। रुद्रपुर क्षेत्र में ठुकराल की मजबूत पकड़ को देखते हुए कांग्रेस नेताओं को उम्मीद है कि उनके शामिल होने से पार्टी को मैदानी क्षेत्र में खासकर रुद्रपुर विधानसभा सीट पर नई ताकत मिलेगी। ठुकराल के इस कदम से उत्तराखंड राजनीति में नया समीकरण बनने की संभावना जताई जा रही है। आने वाले समय में उनके इस फैसले का असर 2027 के विधानसभा चुनावों में देखने को मिल सकता है। कांग्रेस नेताओं ने ठुकराल का हार्दिक स्वागत किया है और उन्हें पार्टी में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपे जाने की संभावना है। वहीं भाजपा की ओर से अभी तक इस मामले पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।


संबंधित आलेख: