धामी सरकार के चार साल पूरे, 99.40 करोड़ की योजनाओं का लोकार्पण, तीन दिवसीय कार्यक्रम शुरू
देहरादून। पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व वाली उत्तराखंड सरकार ने अपने चार वर्ष पूरे होने के अवसर पर सोमवार से तीन दिवसीय ‘चार साल बेमिसाल’ कार्यक्रम की शुरुआत कर दी। राजधानी देहरादून के परेड ग्राउंड में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने 99.40 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास योजनाओं का लोकार्पण किया। कार्यक्रम की शुरुआत से पहले मुख्यमंत्री ने शहर में रोड शो किया, जिसमें उनके साथ कृषि मंत्री गणेश जोशी भी मौजूद रहे। दोनों नेताओं ने खुली जिप्सी में सवार होकर जनता का अभिवादन स्वीकार किया। इसके बाद परेड ग्राउंड पहुंचकर सीएम धामी ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ किया।
‘उत्तराखंड सरकार के चार साल बेमिसाल’ थीम पर आयोजित यह कार्यक्रम 23 से 25 मार्च तक प्रदेशभर में चलेंगे। राज्य के सभी जनपदों में भी इसी थीम के तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिनका लाइव प्रसारण किया जा रहा है। इसके लिए एलईडी स्क्रीन और साउंड सिस्टम की विशेष व्यवस्था की गई है, ताकि अधिक से अधिक लोग इन कार्यक्रमों से जुड़ सकें। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों के माध्यम से सरकारी योजनाओं और उपलब्धियों को प्रदर्शित किया गया। स्कूलों के छात्र-छात्राएं भी कार्यक्रम का हिस्सा बने और उन्होंने राज्य सरकार की योजनाओं से संबंधित टेंपलेट्स प्रस्तुत किए। इसके साथ ही कार्यक्रम स्थल पर स्वास्थ्य परीक्षण शिविर भी आयोजित किया गया, जिसमें टीकाकरण, दिव्यांग प्रमाण पत्र वितरण और सहायक उपकरण उपलब्ध कराने जैसी सेवाएं दी जा रही हैं। सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर भी प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। परेड ग्राउंड के आसपास के क्षेत्र को जीरो जोन घोषित किया गया और बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया। शहर के कई मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया गया है, जबकि पार्किंग और पिकअप प्वाइंट भी चिन्हित किए गए हैं। गौरतलब है कि पुष्कर सिंह धामी ने वर्ष 2022 में अपने दूसरे कार्यकाल की शपथ ली थी। खटीमा से चुनाव हारने के बावजूद पार्टी नेतृत्व ने उन पर भरोसा जताया और बाद में उन्होंने चंपावत सीट से उपचुनाव जीतकर विधानसभा में वापसी की। हाल ही में मुख्यमंत्री ने अपने कार्यकाल के चार साल पूरे होने पर मंत्रिमंडल का विस्तार भी किया, जिसमें पांच नए विधायकों को शामिल किया गया और उन्हें विभागों का बंटवारा किया गया। कुल मिलाकर, ‘चार साल बेमिसाल’ कार्यक्रम के जरिए राज्य सरकार अपनी उपलब्धियों को जनता के सामने प्रस्तुत कर रही है और आगामी योजनाओं की रूपरेखा भी साझा कर रही है।