उत्तराखंड में ईंधन का संकट केवल 'अफवाह': पेट्रोल-डीजल और गैस की सप्लाई सामान्य, पैनिक बुकिंग न करने की अपील
देहरादून। उत्तराखंड में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की सप्लाई पूरी तरह सुचारु और पर्याप्त है। इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (IOCL) के डिविजनल रिटेल सेल्स हेड एवं स्टेट लेवल कोऑर्डिनेटर कृष्ण कुमार गुप्ता ने स्पष्ट किया कि राज्य में ईंधन और गैस की कोई कमी नहीं है। फेक न्यूज और अफवाहों के कारण अनावश्यक पैनिक बुकिंग बढ़ने से कुछ बैकलॉग जरूर बना है, लेकिन सप्लाई लगातार जारी है। गुप्ता ने बताया कि उत्तराखंड में कुल 978 पेट्रोल पंप संचालित हैं, जिनमें IOCL के 431, भारत पेट्रोलियम के 214, हिंदुस्तान पेट्रोलियम के 254, रिलायंस के 28 और नायरा के करीब 50 पंप शामिल हैं। सभी पंपों पर पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। राज्य में हर महीने औसतन 60 हजार किलोलीटर पेट्रोल और 75 हजार किलोलीटर डीजल की खपत होती है। मार्च में पेट्रोल की खपत में 2 प्रतिशत और डीजल में 6 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई, जो सप्लाई सुचारु होने का प्रमाण है।
एलपीजी की बात करें तो घरेलू गैस की सप्लाई में कोई कमी नहीं है। सरकार ने शहरी क्षेत्रों में 25 दिन और ग्रामीण क्षेत्रों में 45 दिन के अंतराल पर बुकिंग की व्यवस्था सुनिश्चित की है। राज्य में प्रतिमाह 18 लाख सिलेंडरों की खपत होती है। मार्च 2025 में प्रतिदिन औसतन 55 हजार सिलेंडर की सप्लाई हो रही थी, जबकि इस साल मार्च में यह बढ़कर 56 हजार प्रतिदिन हो गई। कमर्शियल सिलेंडर की सप्लाई भी 60 हजार प्रतिमाह है। अस्पतालों और शैक्षणिक संस्थानों को प्राथमिकता के आधार पर पूरी सप्लाई दी जा रही है, जबकि अन्य क्षेत्रों को लगभग 70 प्रतिशत सप्लाई उपलब्ध कराई जा रही है। रिफाइनरियां पूरी क्षमता पर काम कर रही हैं। ऑनलाइन बुकिंग और डिलीवरी ऑथेंटिकेशन कोड (DAC) जैसी व्यवस्थाएं लागू की गई हैं, ताकि सही उपभोक्ता तक गैस पहुंचे। चारधाम यात्रा को देखते हुए अतिरिक्त एलपीजी की मांग केंद्र को भेज दी गई है। इसी बीच नैनीताल के रामनगर में गैस वितरण को लेकर विवाद बढ़ गया है। यूथ कांग्रेस के जिला अध्यक्ष सुमित लोहनी ने गैस एजेंसी प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाते हुए सोमवार को कार्यकर्ताओं के साथ एजेंसी परिसर में धरना दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि गैस से भरे वाहन एजेंसी में खड़े होने के बावजूद उपभोक्ताओं को सिलेंडर नहीं दिए जा रहे हैं। कृष्ण कुमार गुप्ता ने आम जनता से अपील की है कि वे फेक न्यूज और अफवाहों पर ध्यान न दें तथा अनावश्यक पैनिक बुकिंग न करें। उन्होंने कहा कि राज्य में ईंधन और एलपीजी की पूरी व्यवस्था सामान्य रूप से संचालित हो रही है।