• Home
  • News
  • Grand gathering of the country's stalwarts in Bodh Gaya: A session for judges on the new criminal laws; CM Samrat Choudhary to also attend.

बोधगया में देश के दिग्गजों का महासमागम: नए क्रिमिनल लॉ पर जजों की पाठशाला, सीएम सम्राट चौधरी भी होंगे शामिल

editor
  • Tapas Vishwas
  • July 03, 2026 08:07 AM
Grand gathering of the country's stalwarts in Bodh Gaya: A session for judges on the new criminal laws; CM Samrat Choudhary to also attend.

गया। अंतर्राष्ट्रीय ज्ञान की भूमि बोधगया आज न्याय और कानून के एक ऐतिहासिक मंथन का गवाह बनने जा रही है। बिहार के गया जिले में पहली बार देश के शीर्ष न्यायविदों और जजों का इतना बड़ा जमावड़ा होने जा रहा है। मौका है देश में लागू हुए 'नए आपराधिक कानूनों' पर आयोजित दो दिवसीय राज्य स्तरीय महासम्मेलन का। बोधगया के आलीशान कन्वेंशन सेंटर में आयोजित होने वाले इस बेहद महत्वपूर्ण कार्यक्रम के पहले दिन आज यानी 4 जुलाई 2026 को बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम की संवेदनशीलता और वीवीआईपी मूवमेंट को देखते हुए जिला प्रशासन और गया पुलिस ने सुरक्षा और यातायात के चाक-चौबंद इंतजाम किए हैं। इस दो दिवसीय सम्मेलन में देश के नए आपराधिक कानूनों की बारीकियों और व्यावहारिक चुनौतियों पर विशेष चर्चा होगी। मुख्य रूप से इस बात पर पाठ पढ़ाया जाएगा कि जमीनी स्तर पर नए कानूनों को सही ढंग से संचालित करने में पुलिस की क्या भूमिका होनी चाहिए। इस विमर्श को धार देने के लिए बिहार के सभी जिलों के पुलिस कप्तान और डिस्ट्रिक्ट जज इस कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे। देश और राज्य की पूरी कानूनी और प्रशासनिक मशीनरी एक मंच पर बैठकर नए कानूनों के सफल क्रियान्वयन का रोडमैप तैयार करेगी।

गया के जिला पदाधिकारी शशांक शुभंकर ने कार्यक्रम की भव्यता की जानकारी देते हुए बताया कि यह आयोजन न्यायपालिका के लिहाज से बेहद ऐतिहासिक है। उन्होंने कहा इस दो दिवसीय सम्मेलन में सुप्रीम कोर्ट के माननीय न्यायाधीशों के अलावा, पटना हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश (चीफ जस्टिस) और राज्य के सभी जिलों के जिला जज भाग ले रहे हैं। माननीय मुख्यमंत्री के आगमन और इतने बड़े वीवीआईपी मूवमेंट को सुरक्षित एवं सुचारु बनाने के उद्देश्य से कुछ विशेष मार्गों पर वाहनों के परिचालन पर अस्थायी प्रतिबंध और रूट डायवर्जन लागू किया गया है। यदि आप आज बोधगया या आसपास के मार्गों पर सफर करने वाले हैं, तो प्रशासन द्वारा जारी की गई नई गाइडलाइन को जरूर पढ़ लें। आज 4 जुलाई को सुबह 8:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक यातायात व्यवस्था में व्यापक बदलाव किया गया है। मानपुर से बाईपास होते हुए बोधगया की तरफ जाने वाले बड़े वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। खटका चक बिपार्ड से 5 नंबर गेट, हवाई अड्डा मोड़, धनावां मोड़ और दोमुहान से बोधगया कन्वेंशन सेंटर तक सभी प्रकार के वाहनों का प्रवेश पूरी तरह वर्जित रहेगा। यह प्रतिबंध आपातकालीन सेवाओं (जैसे एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड आदि) के वाहनों पर लागू नहीं होगा। जिला प्रशासन और यातायात पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे असुविधा से बचने के लिए वैकल्पिक मार्गों का चयन करें। आम लोग अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए सिकड़िया मोड़, मगध मेडिकल कॉलेज और चेरकी रोड मार्ग का उपयोग कर सकते हैं। ट्रैफिक पुलिस ने आमजन से सहयोग की अपील की है ताकि वीवीआईपी कार्यक्रम और आम जनजीवन दोनों सुचारु रूप से संचालित हो सकें। पूरे कन्वेंशन सेंटर और आसपास के इलाके को छावनी में तब्दील कर चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल की तैनाती की गई है।


संबंधित आलेख: