• Home
  • News
  • Gunfire erupts in Ramnagar, villagers terrified after residents allegedly fired on homes over marijuana seizures.

रामनगर में गोलियों की गूंज से दहशत, गांजा पकड़वाने की रंजिश में घरों पर फायरिंग का आरोप,दहशत में ग्रामीण

  • Tapas Vishwas
  • March 01, 2026 12:03 PM
Gunfire erupts in Ramnagar, villagers terrified after residents allegedly fired on homes over marijuana seizures.

रामनगर। नैनीताल जिले के रामनगर क्षेत्र में रविवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब पिरूमदारा चौकी अंतर्गत थारी-कांडला इलाके में अचानक गोलियों की तड़तड़ाहट गूंज उठी। सुबह करीब साढ़े नौ से दस बजे के बीच हुई इस फायरिंग से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल को घेरकर जांच शुरू कर दी गई। पीड़ित पक्ष ने घटना के पीछे गांजा तस्करी से जुड़ी रंजिश का आरोप लगाया है। पीड़ित गुरमीत सिंह का कहना है कि कुछ दिन पहले गांव के ही एक युवक को 8 से 9 किलो गांजे के साथ पुलिस ने गिरफ्तार किया था। वह युवक उनके पड़ोसी अर्जुन सिंह का रिश्तेदार बताया जा रहा है। गिरफ्तारी के बाद से अर्जुन सिंह उन्हें शक की नजर से देख रहा था और इसी बात को लेकर उनसे रंजिश रखने लगा। गुरमीत सिंह के अनुसार,अर्जुन सिंह बाहर से आने वाले कुछ युवकों के साथ मिलकर गांव में लोगों को धमकाता था। उसने उनके ट्रैक्टर चालक पर भी अपने यहां काम करने का दबाव बनाया। रविवार सुबह क्रशर के पास उनके ड्राइवर के साथ कथित तौर पर अभद्रता की गई और जान से मारने की धमकी दी गई। इसके बाद गुरमीत अपने घर लौट आए, लेकिन आरोप है कि थोड़ी देर बाद अर्जुन सिंह अपने चार से पांच साथियों के साथ उनके घर पहुंचा और ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।

अचानक हुई गोलीबारी से घर में मौजूद महिलाएं और बच्चे दहशत में आ गए। जान बचाने के लिए वे पड़ोसियों के घरों में छिपने को मजबूर हो गए। आरोप है कि हमलावरों ने पास के एक अन्य घर को भी निशाना बनाया। पड़ोसी सुखविंदर कौर ने भी अपने घर पर गोलियां चलने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि छोटे-छोटे बच्चों को कमरों में बंद कर किसी तरह जान बचाई गई। उनका आरोप है कि गांजा बेचने के कारोबार से जुड़े लोग गिरफ्तारी के बाद से गांव वालों को लगातार धमका रहे थे। घटना की गंभीरता को देखते हुए उत्तराखंड पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं। फॉरेंसिक विशेषज्ञों ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। मामले में क्षेत्राधिकारी सुमित पांडे ने बताया कि फायरिंग की सूचना मिलते ही पिरूमदारा चौकी और रामनगर कोतवाली पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि गांजा तस्करी के एक मामले में हुई गिरफ्तारी को लेकर गलतफहमी और रंजिश के चलते आरोपियों ने डराने-धमकाने के उद्देश्य से फायरिंग की। सीओ ने बताया कि घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। एक युवक रोहित गुर्जर का नाम प्रकाश में आया है, जिस पर पहले से आपराधिक मुकदमे दर्ज बताए जा रहे हैं। उसकी आपराधिक पृष्ठभूमि खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, ग्रामीणों ने क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ाने और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।


संबंधित आलेख: