हाल-ए-मौसमः मैदान में राहत, पहाड़ों पर अब भी आफत! तराई में बारिश रूकने के दूसरे दिन उमस भरी गर्मी ने रूलाया, रुद्रप्रयाग के अगस्त्यमुनि में तबाही का मंजर
देहरादून। उत्तराखण्ड में मौसम का मिजाज पल-पल बदल रहा है। मैदानी इलाकों में दो दिन से बारिश का दौर थमा हुआ है। तराई की बात करें तो यहां बारिश रूकने के दूसरे दिन ही उमस भरी गर्मी ने लोगों को खासा रूलाया और पसीने छुटाए। उधर पहाड़ी इलाकों में अब भी कई जगहों पर आफत की बारिश बरस रही है। कुछ जगहों पर तो हालात इस कदर खराब हैं कि बारिश से जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो चला है। रुद्रप्रयाग जिले के अगस्त्यमुनि में भारी बारिश से तबाही मच गई है।

जानकारी के अनुसार अगस्त्यमुनि विकास खंड की ग्राम पंचायत छिनका में भारी बारिश के चलते हड़खोला तोक में विशाल बोल्डरों के साथ मलबा आने से भारी नुकसान हुआ है। यहां कुछ घरों में मलबा आने की खबर भी सामने आ रही है।

बताया जा रहा है कि यहां के निवासी विजय लाल के परिवार ने वालों ने किसी तरह भाग कर जान बचाई। राहुल लाल और विजय लाल के पशु मलबे में दब गए हैं। वहीं जीत पाल सिंह राणा, जगदीश सिंह नेगी, राजेन्द्र नेगी, नरेंद्र सिंह नेगी की गोशला में मलबा घुसने से भारी नुकसान हुआ है। इस दौरान कई और लोगों का खासा नुकसान हुआ है और खेत भी पूरी तरह तबाह हो चुके हैं। उधर अभी भी यहां रुक-रुक कर बारिश जारी है। जिससे गांव में भय का माहौल बना हुआ है। ग्राम प्रधान देवेन्द्र नेगी ने प्रशासन से आपदा प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण कर राहत पहुंचाने को कहा है। आपदा प्रबंधन की टीम गांव में राहत बचाव कार्य में जुटी है।