• Home
  • News
  • Haldwani: Aditya had gone to Bhujiaghat to party with seven friends! Joy turned to tragedy in an instant; his body was found on the banks of the Gaula River.

हल्द्वानीः सात दोस्तों के साथ भुजियाघाट में पार्टी करने पहुंचा था आदित्य! एक झटके में बदली खुशियां, गौला नदी किनारे बरामद हुआ शव

editor
  • Awaaz Desk
  • September 06, 2026 08:09 AM
 Haldwani: Aditya had gone to Bhujiaghat to party with seven friends! Joy turned to tragedy in an instant; his body was found on the banks of the Gaula River.

हल्द्वानी। भुजियाघाट के पास शनिवार को गधेरे में नहाने के दौरान तेज बहाव की चपेट में आकर बहे 17 वर्षीय किशोर का शव रविवार को बरामद कर लिया गया। किशोर की पहचान रामपुर रोड स्थित टीपी नगर क्षेत्र निवासी आदित्य टम्टा पुत्र अशोक टम्टा के रूप में हुई है। किशोर के शव के मिलने की सूचना जैसे ही परिजनों को मिली, परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जानकारी के अनुसार आदित्य शनिवार को रिश्तेदारों और दोस्तों के साथ पार्टी करने के लिए भुजियाघाट पहुंचा था। समूह में कुल सात लोग शामिल थे। सभी लोग भुजियाघाट के पास एक गधेरे में नहाने लगे थे। इसी दौरान अचानक पानी का बहाव बढ़ गया। स्थिति को देखते हुए साथियों ने आदित्य को पानी से बाहर निकलने के लिए कहा। बताया जा रहा है कि बाहर आने के लिए आगे बढ़ते समय अचानक आदित्य का पैर फिसल गया। वह गहरे पानी में जा गिरा और तेज बहाव की चपेट में आकर बह गया। साथियों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन तेज बहाव के कारण वह उनकी पहुंच से दूर चला गया। इसके बाद आसपास के लोगों को घटना की जानकारी दी गई। किशोर के बहने की सूचना मिलते ही काठगोदाम पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने तत्काल रेस्क्यू और सर्च अभियान शुरू किया। भुजियाघाट से लेकर काठगोदाम स्थित गौला बैराज तक नदी के किनारे और आसपास के क्षेत्रों में किशोर की तलाश की गई। तेज बहाव और नदी के विस्तृत क्षेत्र के कारण रेस्क्यू टीम को काफी मशक्कत करनी पड़ी। पुलिस और दमकल कर्मियों ने संभावित स्थानों पर लगातार खोजबीन की। शनिवार को काफी प्रयासों के बावजूद किशोर का पता नहीं चल सका। रविवार को राजपुरा क्षेत्र में गौला नदी के किनारे लोगों को एक किशोर का शव दिखाई दिया। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पहचान की प्रक्रिया के बाद शव आदित्य टम्टा का होने की पुष्टि हुई। किशोर का शव मिलने की खबर जैसे ही उसके परिजनों तक पहुंची, घर में मातम छा गया। जिस परिवार को आदित्य के सुरक्षित लौटने की उम्मीद थी, वहां उसकी मौत की खबर पहुंचते ही चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। 

दोस्तों के साथ निकली खुशी की शाम मातम में बदली
आदित्य शनिवार को रिश्तेदारों और दोस्तों के साथ पार्टी करने निकला था। सात लोगों का समूह भुजियाघाट पहुंचा था, लेकिन अचानक हुए हादसे ने पूरी खुशी को मातम में बदल दिया। कुछ ही देर पहले तक दोस्तों के साथ मौजूद आदित्य तेज बहाव में बह गया और रविवार को उसका शव बरामद हुआ। इस घटना के बाद इलाके में भी शोक का माहौल है। परिवार और परिचितों के बीच हादसे को लेकर गहरा दुख है। पुलिस की ओर से मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
 


संबंधित आलेख: