हल्द्वानीः गौला नदी में कूदे वृद्ध का शव 24 घंटे बाद बरामद
हल्द्वानी। काठगोदाम स्थित गौला बायपास पुल से संदिग्ध परिस्थितियों में कूदे 65 वर्षीय राम सिंह कोरंगा का शव बुधवार को अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम के समीप नदी किनारे से बरामद कर लिया गया। बता दें कि बिंदुखत्ता के शास्त्रीनगर निवासी राम सिंह कोरंगा काठगोदाम स्थित गौला बायपास पुल के पास से नदी में कूद गए थे। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें तत्काल तलाश अभियान में जुट गई थीं। परिजनों के साथ-साथ बचाव दल लगातार गौला नदी के किनारे संभावित स्थानों पर उनकी तलाश कर रहे थे। इन दिनों लगातार बारिश के चलते गौला नदी का जलस्तर बढ़ा हुआ है और नदी पूरे वेग से बह रही है। तेज बहाव और विकराल जलधारा के कारण रेस्क्यू टीमों के सामने लगातार चुनौती बनी रही। नदी की परिस्थितियां प्रतिकूल होने के बावजूद पुलिस और एसडीआरएफ के जवानों ने अभियान जारी रखा और अलग-अलग संभावित स्थानों पर तलाश की। परिजन भी नदी के किनारे लगातार उनकी तलाश में जुटे रहे। परिजनों को उम्मीद थी कि शायद राम सिंह कोरंगा सुरक्षित मिल जाएं। इसी उम्मीद के बीच बुधवार को अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम के समीप नदी किनारे शव दिखाई देने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। एनडीआरएफ के जवानों को भी मौके पर बुलाया गया। बचाव दल ने शव को नदी से बाहर निकाला। इसके बाद परिजनों को मौके पर बुलाया गया, जहां उन्होंने शव की पहचान राम सिंह कोरंगा के रूप में की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।