हल्द्वानीः शिकायत के बावजूद भी नहीं हुई धमकी देने वालों के खिलाफ कार्रवाई! पीड़ित गोस्वामी ने उच्चाधिकारियों से लगाई गुहार
हल्द्वानी। शिकायत के बावजूद धमकी देने वालों के खिलाफ कार्यवाही न होने पर नाराजगी जताते हुए हल्द्वानी, दमुवाढुंगा के जवाहर ज्योति, मल्ला चौफुला, वार्ड 37 निवासी मनोज गोस्वामी ने कुमाऊं आयुक्त और पुलिस महानिदेशक को पत्र लिखा है। पत्र में गोस्वामी ने आरोप लगाया कि एक व्यक्ति द्वारा उन्हें फोन पर जान से मारने व घर में घुसने की धमकी दी गई है। आरोप लगाया कि उक्त व्यक्ति पहले से ही दबंग किस्म का रहा है और उसका पुलिस रिकॉर्ड भी खराब है। कहा कि कुछ समय पहले रात के समय उक्त व्यक्ति अपने साथियों के साथ उसके घर के बाहर पहुंचा था, लेकिन इसका पता चलने पर वो और उनका पूरा परिवार छत पर चला गया। इसके बाद वीडियो बनाते देख उक्त लोग वहां से फरार हो गये। इसके बाद उनके द्वारा काठगोदाम थाने को सूचित किया गया तो पुलिस की पेट्रोलिंग टीम ने पहुंचकर जांच पड़ताल भी की। कहा कि इसके बाद एसएसपी नैनीताल को भी इस मामले से अवगत कराया गया और उनके द्वारा भी आश्वासन दिया गया, लेकिन आज तक भी धमकी देने वालों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई है, जिससे उनको व परिवार के सदस्यों को जान-माल का खतरा बना हुआ है। गोस्वामी ने इस मामले में दबंगों के खिलाफ कठोर कार्यवाही किए जाने की मांग की है।