मातम में बदली खुशियांः डेढ़ माह बाद घर में बजनी थी शहनाई, लेकिन पहले ही उठ गयी अर्थी! ऊधम सिंह नगर के किच्छा से दुखद खबर, दोस्त की पगड़ी का फंदा बनाकर फांसी पर झूला युवक
ऊधम सिंह नगर के किच्छा से एक दुखद खबर सामने आ रही है, यहां एक युवक ने फांसी का फंदा लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। बताया जा रहा है कि डेढ़ माह बाद युवक की शादी होनी थी, लेकिन शहनाई बजने से पहले ही उसकी अर्थी उठेगी। घटना की सूचना से युवक के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है और शादी की खुशियां मातम में बदल गयी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भिजवा दिया और युवक ने आत्मघाती कदम क्यों उठाया इसका पता लगाने की कोशिश कर रही है।
जानकारी के अनुसार केवीपुरम रामेश्वरपुर लालपुर निवासी 32 वर्षीय मनीष तिवारी पुत्र विशम्बर दयाल तिवारी महेंद्रा एंड महेंद्रा लालपुर में पिछले 10 वर्ष से काम कर रहा था। वह मूल रूप से ग्राम पुरोना थाना बारा जनपद उन्नाव उत्तर प्रदेश का रहने वाला है। मनीष के अलावा उसका दोस्त जसपाल सिंह पुत्र बलबीर सिंह के साथ ही संदीप पुत्र सत्येंद्र सिंह भी महेंद्रा एंड महेंद्रा लालपुर में काम करते हैं। बताया जा रहा है कि संदीप मनीष के बगल के कमरे में रहता है। जसपाल और संदीप की दिन में ड्यूटी थी और मनीष को रात में ड्यूटी पर जाना था, मगर वह ड्यूटी पर नहीं गया। रात्रि 11 बजे डयूटी पूरी कर जब मनीष का दूसरा साथी संदीप पुत्र सत्येंद्र सिंह ड्यूटी पूरी कर अपने कमरे में पहुंचा तो देखा कि बाहर बरामदे में मनीष फंदे से लटका हुआ था। यह देखकर संदीप ने तुरंत लालपुर चौकी पुलिस को घटना की सूचना दी। जिस पर लालपुर चौकी प्रभारी सुनील बिष्ट मौके पर पहुंच गए। उन्होंने मनीष के शव को नीचे उतारा। सूचना पर उन्नाव से उसके स्वजन भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने मोर्चरी में पंचनामे की कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।