हैप्पी बर्थडेः जन्मदिन मनाने ‘देवभूमि’ पहुंचे अनुपम खेर! अनिल कपूर भी रहे साथ, धर्मनगरी पहुंचकर की पूजा-अर्चना
हरिद्वार। मशहूर फिल्म अभिनेता अनुपम खेर आज अपना 70वां जन्मदिन मना रहे हैं। इस खास मौके पर फैंस समेत बॉलीवुड के तमाम सितारों ने उन्हें शुभकामनाएं दी हैं। इस बीच वो अपने जन्मदिन पर करीबी दोस्त अनिल कपूर के साथ उत्तराखण्ड के हरिद्वार पहुंचे हैं। जहां वो सबसे पहले आश्रम गए और जूना अखाड़े के आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी अवधेशानंद गिरी से मुलाकात की और उनका आशीर्वाद लिया। इसके बाद उन्होंने गऊ पूजा की और परदेश्वर महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना की। इस खास मौके पर अनुपम ने अपनी अपकमिंग फिल्म ‘तन्वी द ग्रेट’ के बारे में भी बातचीत की। उन्होंने बताया कि यह फिल्म उत्तराखंड में शूट हुई है और इसमें उन्हें उत्तराखंड सरकार और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का पूरा सहयोग मिला। इस अवसर पर स्वामी अवधेशानंद गिरी ने अनुपम खेर को जन्मदिन की बधाई दी और उन्हें भारतीय संस्कृति व सनातन परंपरा का ब्रांड एम्बेसडर करार दिया। अनुपम ने अपनी फिल्म ‘तन्वी द ग्रेट’ के बारे में बात करते हुए कहा कि उत्तराखंड में हर जगह एक शानदार लोकेशन है, इसलिए मैंने यह फिल्म यहीं शूट की। इसमें सरकार से भरपूर सहयोग और सब्सिडी मिली। इसके साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि मैं पीएम मोदी का फैन हूं क्योंकि वे देश के बारे में सोचते हैं। यह राष्ट्र धर्म है। जो देश से प्यार करता है, हम उसे प्यार करेंगे। मैं कहता हूं कि मैं भारत से 7 साल छोटा हूं, क्योंकि मेरा जन्म आजादी के 7 साल बाद हुआ। मैंने भारत को बदलते देखा है और आज इसे इस मुकाम पर देख रहा हूं। वहीं अनिल कपूर ने इस मौके पर कहा कि अनुपम ने मुझे अपने जन्मदिन पर हरिद्वार बुलाया। हमारी दोस्ती 35-40 साल पुरानी है। हम एक परिवार की तरह हैं और साथ में कई फिल्में कर चुके हैं।