• Home
  • News
  • Havoc caused by torrential rain in Bageshwar! House collapses in Chhatia village; 15 roads blocked by debris.

बागेश्वर में मूसलाधार बारिश का कहर! छटिया गांव में भरभराकर गिरा मकान, 15 मार्ग मलबे से अवरुद्ध

editor
  • Awaaz Desk
  • August 06, 2026 12:08 PM
 Havoc caused by torrential rain in Bageshwar! House collapses in Chhatia village; 15 roads blocked by debris.

बागेश्वर। बागेश्वर जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश अब लोगों के लिए बड़ी मुसीबत बनती जा रही है। लगातार बारिश के कारण पहाड़ों पर भूस्खलन की घटनाएं बढ़ गई हैं, जिससे जनजीवन प्रभावित हो रहा है। जिले के विभिन्न हिस्सों में मलबा और बोल्डर आने से 15 सड़कें बंद हो गईं, जबकि कपकोट क्षेत्र के छटिया गांव में एक आवासीय मकान पूरी तरह ध्वस्त हो गया। राहत की बात यह रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन प्रभावित परिवार बेघर हो गया है। जानकारी के अनुसार, गुरुवार शाम करीब चार बजे हुई तेज बारिश के दौरान छटिया गांव निवासी हंसी देवी का मकान अचानक भरभराकर गिर गया। हंसी देवी शारीरिक रूप से असहाय हैं और अपने 15 वर्षीय बेटे के साथ इसी मकान में रहती थीं। बताया जा रहा है कि मकान की दीवारों में पहले से दरारें पड़ चुकी थीं, जो लगातार हो रही बारिश के कारण और चौड़ी हो गईं। आखिरकार तेज बारिश के बीच मकान पूरी तरह धराशायी हो गया। घटना के समय परिवार किसी तरह सुरक्षित बाहर निकल गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। हालांकि मकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त होने से हंसी देवी और उनका बेटा खुले आसमान के नीचे आने को मजबूर हो गए हैं। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र पंचायत सदस्य प्रमोद जोशी और ग्राम प्रधान मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रभावित परिवार को तत्काल सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया और प्रशासन को घटना की जानकारी दी। प्रमोद जोशी ने बताया कि मकान की स्थिति लंबे समय से खराब थी और परिवार लगातार भय के साये में जीवन बिता रहा था। उन्होंने प्रशासन से प्रभावित परिवार को शीघ्र राहत सामग्री उपलब्ध कराने तथा नया मकान बनाने के लिए आर्थिक सहायता देने की मांग की है। उधर, जिले में लगातार हो रही बारिश के चलते कई स्थानों पर भूस्खलन हुआ है। पहाड़ियों से मलबा और बोल्डर गिरने के कारण 15 सड़कें अवरुद्ध हो गई हैं, जिससे कई गांवों का संपर्क प्रभावित हुआ है। संबंधित विभाग सड़कें खोलने के लिए जेसीबी मशीनों और कर्मचारियों की मदद से मलबा हटाने का कार्य कर रहे हैं। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। वहीं मौसम विभाग ने आगामी दिनों में भी जिले में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना जताई है, जिससे प्रशासन को हाई अलर्ट पर रखा गया है।


संबंधित आलेख: