• Home
  • News
  • High-profile casino busted in Dehradun: 13 people, including a US national, arrested red-handed; foreign currency and chips seized.

देहरादून में हाई-प्रोफाइल कसीनो का भंडाफोड़: अमेरिकी नागरिक समेत 13 रंगे हाथों गिरफ्तार, विदेशी करेंसी और चिप्स बरामद

editor
  • Tapas Vishwas
  • June 18, 2026 09:06 AM
High-profile casino busted in Dehradun: 13 people, including a US national, arrested red-handed; foreign currency and chips seized.

देहरादून। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के पॉश इलाके राजपुर में पुलिस ने एक बड़े अंतरराष्ट्रीय और हाई-प्रोफाइल जुए के अड्डे का पर्दाफाश किया है। राजपुर थाना पुलिस ने सहस्त्रधारा रोड स्थित तिब्बती कॉलोनी के एक मकान में चल रहे इस अवैध कसीनो पर बुधवार को औचक छापेमारी की। इस दौरान पुलिस ने मौके से एक अमेरिकी नागरिक सहित कुल 13 रईसजादों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। इस छापेमारी में पुलिस को मौके से भारी मात्रा में भारतीय नकदी के साथ-साथ अमेरिकी डॉलर, कसीनो चिप्स और डाइस बरामद हुए हैं। इस सनसनीखेज खुलासे के बाद से ही पूरे इलाके और प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मचा हुआ है।

राजपुर पुलिस को काफी समय से इनपुट मिल रहे थे कि सहस्त्रधारा रोड के पास एक आलीशान मकान में हाई-प्रोफाइल कसीनो की तर्ज पर हार-जीत की बड़ी बाजियां लगाई जा रही हैं। सूचना की पुष्टि होते ही थाना राजपुर प्रभारी पी.डी. भट्ट के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने पूरी मुस्तैदी के साथ हेलीपैड के पीछे, क्रिस ज्योति स्कूल को जाने वाली सड़क के बाईं ओर स्थित एक निजी मकान की घेराबंदी की। जब पुलिस ने मकान के भीतर दस्तक दी, तो वहां का नजारा किसी कसीनो जैसा था। कमरे के भीतर चार अलग-अलग लग्जरी टेबलों पर जुए का दौर चल रहा था। पुलिस ने घेराबंदी कर मौके से भागने की कोशिश कर रहे सभी 13 आरोपियों को दबोच लिया। राजपुर थाना प्रभारी पी.डी. भट्ट ने बताया कि गिरफ्तार किए गए सभी 13 आरोपियों के खिलाफ जुआ अधिनियम की धारा 3, 4 और 5 के तहत संगीन मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया है कि बरामद की गई रकम और डॉलर कसीनो टेबल पर हार-जीत की बाजी लगाने के लिए ही रखे गए थे। पुलिस अब इस बात की गहराई से तफ्तीश कर रही है कि इस वीआईपी जुए के अड्डे का असली मास्टरमाइंड कौन है और देहरादून में यह खेल कब से चल रहा था? चूंकि इसमें एक अमेरिकी नागरिक की भी गिरफ्तारी हुई है, इसलिए पुलिस इसके पीछे किसी बड़े अंतरराष्ट्रीय या संगठित रैकेट के जुड़े होने के कोण से भी जांच कर रही है।


संबंधित आलेख: