नैनीताल में बीच सड़क पर हाईवोल्टेज ड्रामा! रास्ता देने को लेकर टैक्सी चालक और पर्यटक भिड़े, थप्पड़ के बाद हुई हाथापाई
नैनीताल। पर्यटन नगरी नैनीताल में सड़क पर हुआ एक मामूली विवाद देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। मल्लीताल कोतवाली क्षेत्र के हाईकोर्ट के समीप स्थित चीन बाबा चौराहे पर एक टैक्सी चालक और गुड़गांव से घूमने आए पर्यटक के बीच पहले कहासुनी हुई, जो कुछ ही देर में मारपीट में बदल गई। घटना में टैक्सी चालक घायल हो गया, जिसे स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है। बताया जाता है कि घटना उस समय हुई जब एक रेंटल बाइक चला रहा पर्यटक विपरीत दिशा से वाहन निकालकर आगे बढ़ने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान वहां मौजूद एक टैक्सी चालक ने इसका विरोध किया। दोनों पक्षों के बीच पहले रास्ता देने को लेकर बहस शुरू हुई, लेकिन देखते ही देखते विवाद बढ़ गया। बताया जा रहा है कि बहस के दौरान टैक्सी चालक ने पर्यटक को थप्पड़ मार दिया। इसके बाद पर्यटक ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए हाथापाई शुरू कर दी। इस दौरान दोनों के बीच धक्का-मुक्की हुई, जिसमें टैक्सी चालक के कंधे में चोट लग गई। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव कर किसी तरह दोनों पक्षों को अलग किया। घायल टैक्सी चालक को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसका प्राथमिक उपचार किया। फिलहाल उसकी स्थिति सामान्य बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों से घटना की जानकारी ली।