8 अगस्त को बिहार आयेंगे गृहमंत्री शाह! तैयारियों का जायजा लेने पहुंचे सीएम नीतीश कुमार, प्रशासनिक अमला अलर्ट
पटना। केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह आगामी 8 अगस्त को बिहार के दौरे पर रहेंगे। गृहमंत्री शाह के दौरे को लेकर शासन-प्रशासन अलर्ट मोड पर नजर आ रहा है। इस बीच मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शुक्रवार को पुनौरा धाम का दौरा किया। इस दौरान उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, जल संसाधन मंत्री विजय चौधरी और जदयू के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय झा भी मंदिर परिसर पहुंचे। मुख्यमंत्री ने सबसे पहले माता सीता की पूजा-अर्चना की, फिर मंदिर परिसर का निरीक्षण किया। उन्होंने उर्विजा कुंड सहित विभिन्न स्थलों का जायजा लिया और आगामी 8 अगस्त को प्रस्तावित भूमि पूजन कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मुख्यमंत्री लगभग 15 मिनट तक पुनौरा धाम में रुके और भव्य मंदिर निर्माण की तैयारियों की समीक्षा की। इसके बाद वे सड़क मार्ग से डुमरा स्थित जदयू सांसद देवेश चंद्र ठाकुर के आवास पर पहुंचे, जहां उन्होंने भोजन किया और पार्टी नेताओं से मुलाकात की। तत्पश्चात डुमरा हवाई अड्डा मैदान से पटना के लिए रवाना हो गए। गौरतलब है कि 8 अगस्त को पुनौरा धाम में अयोध्या की तर्ज पर माता सीता के भव्य मंदिर का भूमि पूजन किया जाना है। इस ऐतिहासिक अवसर पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार दोनों मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम की तैयारियां जोरों पर हैं। हाल ही में नीतीश कैबिनेट ने मंदिर निर्माण के लिए 883 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की है। मंदिर की संरचना भी तैयार हो चुकी है।