खटीमा में हनी ट्रैप गैंग का भंडाफोड़! महिला समेत तीन आरोपी गिरफ्तार, पूछताछ में उगले तीन और नाम
खटीमा। ऊधम सिंह नगर जिले के खटीमा में कोतवाली पुलिस ने हनी ट्रैप गैंग का भंडाफोड़ करते हुए महिला समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक पीड़ित की शिकायत पर मोबाइल नंबरों की जांच की गई। जांच के दौरान 50 सीसीटीवी खंगाले गए, जिसके बाद एक महिला समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। आरोपी से पूछताछ के बाद 3 अन्य लोगों के नाम भी प्रकाश में आए हैं। उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक एक पीड़ित व्यक्ति ने 23 मई 2025 को खटीमा कोतवाली पुलिस को ब्लैकमेलिंग कर डेढ़ लाख रुपए सहित अन्य सामान वसूली की शिकायत दी थी। पीड़ित के अनुसार एक महिला उसे बहला फुसला कर अज्ञात स्थान पर ले गई। वहां पर उसका आपत्तिजनक वीडियो बना लिया, इसके बाद ब्लैकमेल कर पैसे और अन्य समान की वसूली की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी। इसके बाद एसएसपी के निर्देश पर कोतवाल मनोहर सिंह दसौनी ने पुलिस टीमों का गठन किया। इस दौरान जांच करते हुए इलाके में लगे 50 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज चेक किए गए। पीड़ित द्वारा दिए गए मोबाइल नंबरों की जांच के बाद एक महिला समेत तीन लोगों को 1 जून 2025 को नानकमत्ता गला बाग मच्छी झाला इलाके से गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के पास से पुलिस टीम ने घटना में इस्तेमाल की गई स्कूटी, एक मोटरसाइकिल, दो मोबाइल फोन व 1300 रुपए नकद बरामद किए हैं। आरोपियों से पूछताछ में गैंग के तीन अन्य सदस्यों के नाम प्रकाश में आए हैं, जिनकी तलाश पुलिस कर रही है।