थाने में भाजपाईयों की गुण्डागर्दी, थानाध्यक्ष से बोले-हम सिखायेंगे तुम्हें शांति भंग कैसे होती है
मुरादाबाद। उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में भाजपा नेताओं की गुण्डागर्दी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। यहां थाने में पहुंचकर भाजपा नेता थानाध्यक्ष को कानून का पाठ पड़ा रहे हैं, दबंगई का आलम यह है कि नेताजी आग बबूला होकर थानाध्यक्ष से कह रहे हैं कि तुम्हारी हिम्मत कैसे हुई, अब हम बतायेंगे तुम्हें शांति भंग कैसे होती है। वीडियो के सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद जहां लोग नेताजी को गलत बता रहे हैं वहीं विपक्षी पार्टियों से जुड़े कार्यकर्ता इसे भाजपा का गुण्डाराज कह रहे हैं। घटना मुरादाबाद जिले के मंझोला थाने की है। बताया जा रहा है कि ये हंगामा बीजेपी युवा मोर्चा के महानगर अध्यक्ष अभिषेक और उनके समर्थक कर रहे थे। बीजेपी नेता मंडल अध्यक्ष पर की गई कार्रवाई का विरोध कर रहे थे। वीडियो में करीब 25-30 लोग दिखाई दे रहे हैं। इस दौरान गुस्से में एक बीजेपी नेता थानाध्यक्ष के सामने टेबल पर रखी फाइलों को फेंकते हुए कहता सुनाई देता है कि हम दिखाएंगे कैसे होती है शांति भंग। जानकारी के अनुसार दुर्गा पूजा को लेकर दो गुटों में विवाद हो गया था। आयोजन का मामला जब पुलिस के पास पहुंचा तो पुलिस ने मामले को सुलझाने की कोशिश की, लेकिन वो सफल नहीं हो पाई। दूसरे पक्ष ने अलग जगह पूजा आयोजन करने की अनुमति मांगी, जिसका विरोधी पक्ष ने विरोध किया। इसके बाद पुलिस ने शांति भंग की आशंका को देखते हुए पाबंद की कार्रवाई की। इसमें शांति भंग करने की आशंका के कारण बीजेपी के मंडल अध्यक्ष को भी पाबंद कर दिया गया। जिसकी जानकारी मिलने के बाद बीजेपी के नेता और कार्यकर्ता थाने पहुंच गए और हंगामा शुरू कर दिया। जिसके बाद पुलिस ने वीडियो बनाना शुरू कर दिया। इसी बात पर बीजेपी के युवा मार्चेा के अभिषेक चौबे भड़क गए फाइलें फेंकनी शुरू कर दी। इसके बाद थानाध्यक्ष ने किसी तरह से मामले को समझा बुझा कर शांत किया। मामले की जानकारी जब वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को मिली तो उन्होंने एफआईआर दर्ज करने का आदेश दिया।