भीषण सड़क हादसा, यूपी के पर्यटकों की कार खाई में गिरी, दो की मौत, दो घायल
नैनीताल। नैनीताल जिले के गेठिया क्षेत्र में शनिवार को एक भीषण सड़क हादसे में दो पर्यटकों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब उत्तर प्रदेश के उन्नाव से घूमने आए चार युवकों की कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी।
जानकारी के अनुसार, उन्नाव निवासी अंकित चौधरी अपने दोस्तों अभिराज, अतुल दुबे और श्याम के साथ जागेश्वर और कैंची धाम दर्शन के लिए निकले थे। यात्रा के दौरान गेठिया के पास अचानक उनकी कार नियंत्रण खो बैठी और सैकड़ों फीट गहरी खाई में गिर गई। वाहन गिरने की तेज आवाज सुनकर स्थानीय निवासी कविता गंगोला ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही तल्लीताल थाना पुलिस, दमकल विभाग और राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया। खाई का क्षेत्र अत्यंत दुर्गम होने के कारण राहत कार्य में काफी कठिनाई का सामना करना पड़ा। रेस्क्यू टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद क्षतिग्रस्त वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकाला। पुलिस के अनुसार, पीताम्बर नगर उन्नाव निवासी अंकित चौधरी और अभिराज की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, हादसे में घायल अतुल दुबे और श्याम को गंभीर हालत में खाई से निकालकर सड़क तक पहुंचाया गया। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हल्द्वानी के अस्पताल भेजा गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है। पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
एसडीआरएफ के अधिकारियों के अनुसार, कंट्रोल रूम से सूचना मिलने के बाद टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची थी। खाई में वाहन के अंदर चार लोग फंसे हुए थे, जिन्हें बाहर निकालने में काफी समय लगा। टीम ने दो घायलों को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, जबकि दो लोगों को मृत अवस्था में बरामद किया गया। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से इस मार्ग पर सुरक्षा उपाय बढ़ाने और खतरनाक स्थानों पर चेतावनी संकेत लगाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके। पुलिस मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। प्राथमिक तौर पर हादसे की वजह वाहन का अनियंत्रित होना बताया जा रहा है।