अनंत सिंह की बेटी की शादी में उमड़ा जनसैलाब! कहीं हवा में उड़ीं पत्तलें तो कहीं 10 किमी लगा जाम, दिग्गज नेताओं ने की शिरकत
पटना। बिहार के बाहुबली नेता अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की शादी अपने शाही इंतजामों, वीआईपी मेहमानों और अभूतपूर्व जनसैलाब को लेकर पूरे प्रदेश में चर्चा का केंद्र बनी हुई है। नदवां गांव में आयोजित इस भव्य समारोह में एक तरफ जहां राजसी ठाठ-बाट और लैंड क्रूजर से दुल्हन की ग्रैंड एंट्री देखने को मिली, वहीं दूसरी तरफ लाखों की भीड़ उमड़ने से भोजन और सुरक्षा व्यवस्था का गणित पूरी तरह गड़बड़ाता नजर आया। आलम यह रहा कि महाभोज में लोगों तक पत्तलें हवा में उछालकर पहुंचानी पड़ीं, जबकि कई लोग परोसने वालों का इंतजार किए बिना बड़े-बड़े बर्तनों से खुद ही हाथ से खाना निकालते दिखाई दिए। मेहमानों और स्थानीय ग्रामीणों की भारी भीड़ को देखते हुए आयोजकों की ओर से करीब चार लाख लोगों के भोजन का दावा किया गया था। इसके लिए विशाल मैदान में अस्थायी रसोई बनाकर बड़े कड़ाहों में पकवान और रसगुल्लों समेत विभिन्न मिठाइयां तैयार की गई थीं। हालांकि, जैसे ही एक साथ लाखों लोग भोजन के लिए उमड़े, सारी व्यवस्थाएं ध्वस्त हो गईं। भीड़ के भारी दबाव के कारण पत्तल बांटना मुश्किल हो गया, जिसके बाद कार्यकर्ताओं को हवा में उछालकर लोगों तक पत्तलें पहुंचानी पड़ीं। पत्तल पाने की होड़ और खुद खाना निकालने की तस्वीरों ने शाही आयोजन की व्यवस्थाओं पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
घुड़दौड़ का जुनून: जान जोखिम में डाल टावर पर चढ़े दर्शक, लगा 10 किमी लंबा जाम
शादी समारोह के तहत आयोजित घुड़दौड़ प्रतियोगिता को देखने के लिए बिहार समेत अन्य राज्यों से हजारों लोग नदवां गांव पहुंचे। भीड़ का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि आसपास की सड़कों पर 10 किलोमीटर से ज्यादा लंबा जाम लग गया और मैदान में पैर रखने तक की जगह नहीं बची। रोमांचक मुकाबले का बेहतर नजारा देखने के लिए कई दर्शक अपनी जान जोखिम में डालकर 33 हजार वोल्ट की हाईटेंशन बिजली लाइन के टावर पर चढ़ गए। बेकाबू भीड़ और संभावित खतरे को भांपते हुए अनंत सिंह ने घुड़दौड़ को बीच में ही रुकवा दिया। अब इसका फाइनल राउंड गुरुवार को होगा, जिसके विजेता घोड़े के मालिक को इनाम में 'थार' गाड़ी दी जाएगी।
दिग्गज नेताओं का जमावड़ा और शाही अंदाज
पिछले चार दिनों से हो रही बारिश के बावजूद अनंत सिंह ने अपने समर्थकों के साथ रात-दिन एक कर मैदान को दुरुस्त कराया और वीआईपी मेहमानों के लिए हेलीपैड तक बनवाया। पटना के बिहटा स्थित कृष्णा नगर से दूल्हा ऋषिकेश कुमार की बारात पहुंची, जिनका अनंत सिंह ने खुद स्वागत किया। जयमाल के दौरान शिवांगी ने लैंड क्रूजर से शाही एंट्री ली। इस समारोह में उत्तर प्रदेश के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह, बिहार विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार और मंत्री रामकृपाल यादव समेत राजनीतिक व सामाजिक जगत की कई नामचीन हस्तियों ने शिरकत कर वर-वधू को आशीर्वाद दिया।