हरिद्वार पुलिस में बंपर ट्रांसफर: एसएसपी ने बदले कई कोतवाल और थाना प्रभारी
हरिद्वार। जनपद की कानून व्यवस्था को और अधिक चुस्त-दुरुस्त बनाने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) नवनीत सिंह भुल्लर ने पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल किया है। रोशनाबाद मुख्यालय से जारी स्थानांतरण सूची के अनुसार, जिले में तैनात 11 पुलिस अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया गया है। इस सूची में कई महत्वपूर्ण थानों के प्रभारी बदले गए हैं, जबकि कुछ को पुलिस लाइन से निकालकर मुख्यधारा की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
ट्रांसफर लिस्ट के मुताबिक, नगर कोतवाली प्रभारी रितेश शाह को अब कोतवाली भगवानपुर का नया प्रभारी बनाया गया है। वहीं, ज्वालापुर कोतवाली के प्रभारी कुंदन राणा को वहां से हटाकर नगर कोतवाली की कमान सौंपी गई है। पुलिस लाइन में तैनात इंस्पेक्टर चन्द्रभान सिंह को अब कोतवाली ज्वालापुर का नया प्रभारी नियुक्त किया गया है। बहादराबाद के कोतवाली प्रभारी विजय सिंह को अब थानाध्यक्ष झबरेड़ा की जिम्मेदारी दी गई है, जबकि इंस्पेक्टर अमरजीत को मंगलौर से हटाकर कोतवाली बहादराबाद भेजा गया है। मंगलौर कोतवाली में भी बड़ा बदलाव हुआ है; बुग्गावाला के थाना प्रभारी भगवान सिंह मेहर अब कोतवाली मंगलौर के नए प्रभारी होंगे। उनकी जगह भगवानपुर में तैनात एसएसआई अंकुर शर्मा को पदोन्नत कर थानाध्यक्ष बुग्गावाला बनाया गया है। दरोगा स्तर पर भी कई बदलाव किए गए हैं। पुलिस लाइन से दरोगा सुखपाल मान को मंगलौर में एसएसआई बनाया गया है, जबकि मंगलौर के एसएसआई मनोज गैरोला को बहादराबाद का एसएसआई नियुक्त किया गया है। दूसरी ओर, झबरेड़ा के थानाध्यक्ष अजय शाह और बहादराबाद के एसएसआई नितिन बिष्ट को थानों से हटाकर रोशनाबाद स्थित पुलिस कार्यालय में नवीन तैनाती दी गई है। एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि यह स्थानांतरण जिले की कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने और क्षेत्र की आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर किया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी अधिकारियों को उनके अनुभव और कार्यक्षमता के आधार पर नई चुनौतियां सौंपी गई हैं। एसएसपी ने उम्मीद जताई कि सभी अधिकारी अपने नए दायित्वों का निर्वहन पूरी ईमानदारी से करेंगे और जनता की सुरक्षा व विश्वास पर खरा उतरेंगे।