छत्तीसगढ़ की विकास गाथा से रूबरू होंगे उत्तराखंड के पत्रकार! केंद्र की योजनाओं, औद्योगिक परियोजनाओं और वैज्ञानिक नवाचारों की पांच दिवसीय जमीनी पड़ताल
रायपुर/देहरादून। प्राकृतिक संसाधन, उद्योग, कला,संस्कृति के क्षेत्र में छत्तीसगढ़ राज्य समृद्ध है। केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास परियोजनाओं, वैज्ञानिक नवाचार और तकनीकी प्रगति की जमीनी तस्वीर से रूबरू कराने के लिए सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के अंतर्गत पीआइबी देहरादून की ओर से सोमवार से उत्तराखंड के पत्रकारों का पांच दिवसीय छत्तीसगढ़ प्रेस टूर शुरू हो गया है। सोमवार को जॉलीग्रांट एयरपोर्ट, देहरादून से 13 सदस्यीय मीडिया प्रतिनिधिमंडल रायपुर पहुंचा।प्रेस टूर के दौरान उत्तराखंड के पत्रकार छत्तीसगढ़ में केंद्र सरकार से जुड़ी प्रमुख परियोजनाओं और संस्थानों का दौरा कर उनके कामकाज, उपलब्धियों और आम लोगों पर पड़ने वाले प्रभाव को करीब से समझेंगे। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल एसईसीएल बिलासपुर, एनटीपीसी और बीएएलसीओ कोरबा, 40 किलोवाट सौर परियोजना, जनजातीय संग्रहालय और सिरपुर का भ्रमण करेगा। इसके अलावा स्वयं सहायता समूहों से संवाद तथा छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री से शिष्टाचार भेंट भी प्रस्तावित है। पीआइबी देहरादून के अनुसार प्रेस टूर का उद्देश्य पत्रकारों को सरकारी योजनाओं और विकास परियोजनाओं की जानकारी केवल कागजों तक सीमित रखने के बजाय जमीनी स्तर पर उनके क्रियान्वयन और परिणामों को प्रत्यक्ष रूप से देखने का अवसर देना है। अध्ययन यात्रा के माध्यम से पत्रकार राष्ट्रीय महत्व की परियोजनाओं, अनुसंधान, वैज्ञानिक नवाचार, आधारभूत ढांचे और तकनीकी विकास की प्रगति को समझ सकेंगे।इस अवसर पर प्रेस टूर के कंडक्टिंग ऑफिसर संजीव सुंद्रियाल ने कहा कि राष्ट्रीय प्रेस टूर क्षेत्रीय मीडिया और राष्ट्रीय विकास की प्राथमिकताओं के बीच महत्वपूर्ण सेतु का काम करते हैं। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की प्रमुख परियोजनाओं का प्रत्यक्ष अवलोकन करने से उत्तराखंड के पत्रकारों को केंद्र सरकार की विभिन्न विकास पहलों की गहन, सटीक और स्पष्ट जानकारी प्राप्त होगी।उन्होंने कहा कि इस तरह के अध्ययन भ्रमण का उद्देश्य पत्रकारों को राष्ट्रीय महत्व की परियोजनाओं और संस्थानों का जमीनी अनुभव उपलब्ध कराना है, ताकि वे विकास कार्यों और नवाचारों का तथ्यपरक विश्लेषण कर सकें और उनकी जानकारी आम जनता तक पहुंचा सकें। उन्होंने बताया कि पीआईबी देहरादून की ओर से इससे पहले भी हैदराबाद, ओडिशा और विशाखापट्टनम में प्रेस टूर आयोजित किए जा चुके हैं।पांच दिवसीय इस यात्रा के दौरान मीडिया प्रतिनिधिमंडल छत्तीसगढ़ में ऊर्जा, सौर परियोजनाओं, खनन, औद्योगिक विकास, जनजातीय संस्कृति और सामुदायिक भागीदारी से जुड़ी गतिविधियों को करीब से देखेगा। पीआईबी का मानना है कि ऐसे प्रेस टूर से पत्रकारों को विकास योजनाओं की वास्तविक स्थिति समझने और उनके व्यापक जनहित से जुड़े पहलुओं को सामने लाने में मदद मिलती है। भ्रमण के दौरान पत्रकार यहां के विकास कार्यों को जन जन तक पहुंचाने का प्रयास करेंगे कि कैसे छत्तीसगढ़ 26 वर्षों में किन क्षेत्रों में तेजी से विकास किया और नक्सल को खत्म कर लोगों को विकास की मुख्य धारा से जोड़ने का भाजपा सरकार पूरी कोशिश कर रही है।