मातम में बदलीं खुशियां: पार्टी से लौट रहे दो बाइक सवारों को डंपर ने कुचला,दोनों की दर्दनाक मौत,परिजनों में कोहराम
रुद्रपुर। जनपद ऊधम सिंह नगर के पंतनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत दरऊ चौक के पास देर रात एक भीषण सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। एक तेज रफ्तार डंपर ने बाइक सवार दो व्यक्तियों को इतनी जोरदार टक्कर मारी कि उनमें से एक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दूसरे की अस्पताल में मौत हो गई। दोनों व्यक्ति एक पारिवारिक पार्टी में शामिल होकर वापस अपने घर लौट रहे थे।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, रामपुर जिले के थाना खजुरिया अंतर्गत ग्राम लखीमीपुर निवासी 62 वर्षीय मोहन स्वरूप और 45 वर्षीय हसिक अहमद मंगलवार रात पंतनगर के फूलबाग क्षेत्र में अपने परिचित शाकिर अहमद के यहाँ आयोजित एक पार्टी में शामिल होने आए थे। देर रात भोजन करने के बाद दोनों बाइक से वापस अपने गांव लौट रहे थे। जैसे ही वे दरऊ चौक के पास पहुँचे, किच्छा की ओर से आ रहे एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार डंपर ने उनकी बाइक को रौंद दिया। हादसा इतना भयावह था कि मोहन स्वरूप की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। सड़क पर बिखरे मलबे और चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। गंभीर रूप से घायल हसिक अहमद को तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों के तमाम प्रयासों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका। सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी (सीओ) भूपेंद्र सिंह धौनी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। हादसे के बाद डंपर चालक वाहन समेत मौके से फरार होने में सफल रहा, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी है। इस घटना के बाद दरऊ और आसपास के ग्रामीणों में भारी रोष है। स्थानीय लोगों का कहना है कि रात के समय भारी वाहन सड़कों पर मौत बनकर दौड़ते हैं, जिन पर पुलिस का कोई नियंत्रण नहीं है। लोगों ने मांग की है कि दरऊ चौक और भीड़भाड़ वाले इलाकों में भारी वाहनों की गति सीमा तय की जाए और बैरिकेडिंग लगाई जाए। पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सीओ भूपेंद्र सिंह धौनी ने बताया कि मृतकों के परिजनों को सूचित कर दिया गया है। तहरीर मिलते ही मुकदमा दर्ज कर डंपर को कब्जे में लिया जाएगा। पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे रात के समय सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करें और कोहरे या अंधेरे में गति पर नियंत्रण रखें।