कांवड़ यात्राः शिवभक्तों की भीड़ ने तोड़ा रिकॉर्ड! गंगाजल लेकर लौटे 3.80 करोड़ कांवड़िए, आखिरी दिन दिखा गजब का उत्साह
हरिद्वार। कांवड़ यात्रा को लेकर इस बार श्रृद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला। हांलाकि बीते दिवस 26 जुलाई को यात्रा का समापन हो गया, लेकिन इस बार शिवभक्तों की संख्या ने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। हर रोज बड़ी संख्या में कांवड़िए यहां पहुंचे और कांवड़ यात्रा में लगे कर्मचारियों व अधिकारियों को खासा पसीना बहाना पडा। कांवड़ मेला सेल के प्रभारी बीएल भारती ने बताया कि 3.80 करोड़ कांवड़िए हरिद्वार से गंगाजल लेकर वापस लौटे।
पुलिस के अनुसार, अंतिम दिन 40 से 45 लाख शिव भक्त जल भरकर गंतव्य की ओर रवाना हुए। दावा है कि करीब 4 करोड़ कांवड़िये जल भरकर रवाना हो चुके हैं। 2017 और 2018 के कांवड़ मेले से भी अधिक भीड़ आई। 2018 में अभी तक सबसे अधिक 3.76 करोड़ कांवड़िए पहुंचे थे। इसका एक कारण यह भी माना जा रहा है कि कोरोना काल के कारण दो साल कांवड़ मेला नहीं हो पाया था।
हरिद्वार में कांवड़ यात्रा के अंतिम दिन काफी संख्या में डाक कांवड़िए धर्मनगरी से अपने-अपने राज्यों की ओर निकले। मंगलवार को भी हाईवे पर रेंग-रेंग कर वाहन चले। पंतद्वीप पार्किंग से लेकर रोड़ी बेलवाला चौकी लंबी-लंबी लाइन लगी रही। चंडी चौक की ओर से सीसीआर को आने वाली सर्विस लेन पर भी जाम रहा। मंगलवार को शिवरात्रि के साथ ही कांवड़ मेला भी समाप्त हो गया।