• Home
  • News
  • Kedarnath Dham: Temple opening for devotees for more than 13 hours! 75139 devotees have visited in three days

केदारनाथ धाम: भक्तों के लिए 13 घंटे से अधिक खुल रहा मंदिर! तीन दिन में 75139 श्रद्धालु कर चुके दर्शन

editor
  • Tapas Vishwas
  • May 13, 2024 09:05 AM
Kedarnath Dham: Temple opening for devotees for more than 13 hours! 75139 devotees have visited in three days

भगवान आशुतोष के द्वादश ज्योतिर्लिंगों में एक केदारनाथ में आस्था का सैलाब उमड़ रहा है। कपाट खुलने के बाद से अभी तक धाम में कुल 75,139 श्रद्धालु बाबा केदार के दर्शन कर चुके हैं। बीते तीन दिनों से धाम में प्रतिदिन 20 हजार से अधिक श्रद्धालु पहुंच रहे हैं, जिससे सुबह से ही भक्तों की लंबी लाइन लग रही है। इसके साथ ही पैदल मार्ग से लेकर केदारनाथ तक रौनक बनी हुई है। पंच केदार में प्रमुख केदारनाथ धाम के कपाट 10 मई को खुल गए थे। कपाटोद्घाटन पर धाम में रिकाॅर्ड 29030 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए थे। केदारनाथ में व्यापारिक गतिविधियां बंद होने के बाद भी धाम में यात्रियों का उत्साह अपने चरम पर रहा। वहीं, शनिवार को भी धाम में आस्था और भक्ति का सैलाब उमड़ा जो रविवार को भी जारी रहा। रविवार को धाम में 23,510 शिव भक्तों ने अपने आराध्य के दर्शन किए।

श्रीबदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति द्वारा बाबा के भक्तों को बेहतर से बेहतर तरीके से दर्शन कराए जा रहे हैं। सुबह चार से आठ बजे तक भीड़ कम होने पर भक्त गर्भगृह से दर्शन कर रहे हैं। वहीं भीड़ बढ़ने पर सभामंडप से दर्शन हो रहे हैं। धाम में औसतन 1700 से अधिक श्रद्धालु हरघंटे दर्शन कर रहे हैं। बीकेटीसी के अनुसार, तीन दिनों में धाम में कुल 75139 श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं, जो बीते पांच वर्ष में नया रिकॉर्ड है। दर्शनार्थियों में 49144 पुरुष, 25002 महिलाएं, 991 बच्चे शामिल हैं। साथ ही दो विदेशी महिला शिवभक्त भी केदारनाथ के दर्शन कर पुण्य अर्जित कर चुकी हैं। बीकेटीसी के कार्याधिकारी रमेश चंद्र तिवारी ने बताया धर्म दर्शन सुबह चार बजे से शुरू हो रहे हैं। अपराह्न तीन बजे भगवान केदारनाथ को भोग लगाने के लिए मंदिर बंद किया जा रहा है। साफ-सफाई के बाद पुन: चार से शाम 6.30 बजे तक भक्तों को दर्शन कराए जा रहे हैं। इसके बाद सात बजे बाबा केदार की सायंकालीन आरती के बाद बाबा केदार के शृंगार दर्शन कराए जा रहे हैं जो सभामंडप से ही होते हैं।केदारनाथ में जिन भक्तों द्वारा विशेष पूजा-अर्चना के लिए बुकिंग कराई गई है, उनकी पूजाएं रात्रि 11 बजे से हो रही हैं। साथ ही ऑनलाइन बुकिंग वाले भक्तों के नाम से भी मंदिर समिति द्वारा पूजाएं कराई जा रही हैं।
 


संबंधित आलेख: