• Home
  • News
  • Kedarnath Temple is covered in a blanket of white after heavy snowfall! Devbhoomi's protectors stand guard amid sub-zero temperatures.

केदारनाथ धाम में भारी बर्फबारी के बाद बिछी सफेद चादर! शून्य से नीचे तापमान के बीच मुस्तैद देवभूमि के रक्षक

  • Tapas Vishwas
  • March 22, 2026 09:03 AM
Kedarnath Temple is covered in a blanket of white after heavy snowfall! Devbhoomi's protectors stand guard amid sub-zero temperatures.

केदारनाथ। विश्व प्रसिद्ध ग्यारहवें ज्योतिर्लिंग भगवान केदारनाथ के धाम में बीते दिनों हुई भारी बर्फबारी के बाद अब मौसम पूरी तरह से खुल गया है। हालांकि, कड़ाके की ठंड और बर्फ की मोटी परत ने पूरी केदार घाटी को सफेद चादर से ढक दिया है। लंबे समय से बर्फ विहीन दिख रही पहाड़ियां अब पूरी तरह से हिमाच्छादित हो चुकी हैं, जिससे धाम का दृश्य अत्यंत मनोरम और अलौकिक नजर आ रहा है।

केदारनाथ धाम में वर्तमान में न्यूनतम तापमान शून्य से कई डिग्री नीचे (-5 से -10 डिग्री सेल्सियस) बना हुआ है। हाड़ कंपा देने वाली इस ठंड और कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद धाम की सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद है। मंदिर परिसर और आसपास के संवेदनशील इलाकों में उत्तराखंड पुलिस और भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) के जवान पूरी मुस्तैदी के साथ तैनात हैं। कपाट बंद होने के बाद शीतकाल में भी ये जवान बाबा केदार की नगरी की सुरक्षा का जिम्मा बखूबी संभाल रहे हैं। बर्फबारी के कारण धाम में बने पुलिस और आईटीबीपी के आवासों (बैरकों) के बाहर कई फीट बर्फ जमा हो गई है। विपरीत परिस्थितियों के बीच जवान स्वयं फावड़ों और अन्य उपकरणों की मदद से अपने रहने के स्थानों और बैरकों के आसपास जमी बर्फ को साफ करने में जुटे हैं। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में देखा जा सकता है कि कैसे जवान भारी बर्फबारी के बीच रास्ता बनाने और अपने ठिकानों को सुरक्षित रखने के लिए कड़ी मेहनत कर रहे हैं, ताकि सुरक्षा व्यवस्था और संचार में किसी भी प्रकार की बाधा न आए। पुलिस प्रशासन के अनुसार, केदारनाथ धाम में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। विषम मौसम और भारी बर्फ के बीच भी जवानों का मनोबल ऊंचा है। जवान न केवल मंदिर की सुरक्षा कर रहे हैं, बल्कि धाम में मौजूद सरकारी संपत्ति की निगरानी भी कर रहे हैं। भारी बर्फबारी के बाद प्रशासन ने ऊपरी इलाकों में आवाजाही को लेकर अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं।
 


संबंधित आलेख: