केदारनाथ यात्राः श्रद्धालुओं का उत्साह चरम पर! स्वास्थ्य सुविधाएं भी पूरी तरह मुस्तैद, अबतक 1,69,942 श्रद्धालु कर चुके हैं दर्शन
रुद्रप्रयाग। उत्तराखंड में चारधाम यात्रा इस वर्ष ऐतिहासिक उत्साह के साथ आगे बढ़ रही है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कुशल नेतृत्व और निरंतर निगरानी में यात्रा प्रबंधन ने सफलता के नए आयाम स्थापित किए हैं। विशेष रूप से केदारनाथ धाम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिल रही है। बीते सात दिनों में ही रिकॉर्ड 1,69,942 श्रद्धालु भगवान केदारनाथ के दर्शन कर चुके हैं, जो श्रद्धा और विश्वास के साथ प्रशासन की सुदृढ़ व्यवस्थाओं का प्रमाण है। यात्रा मार्ग पर 16 चिकित्सा इकाइयां तथा 4 मेडिकल रिलीफ कैंप स्थापित किए गए हैं, जो हर आवश्यक पड़ाव पर तीर्थयात्रियों को चिकित्सा सहायता उपलब्ध करा रहे हैं। इसके अलावा जिले के जिला अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भी पूरी तरह सक्रिय हैं। इन चिकित्सा केंद्रों में पर्याप्त मात्रा में दवाइयों, ऑक्सीजन सिलेंडर, ऑक्सीजन कंसंट्रेटर, नेब्युलाइज़र, स्ट्रेचर तथा आपातकालीन प्राथमिक उपचार की सभी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। यात्रियों की सेवा में 90 डॉक्टर, 240 पैरामेडिकल स्टाफ और 20 एम्बुलेंस तैनात किए गए हैं। इसके साथ ही स्वास्थ्य सेवाओं को और सशक्त बनाने के लिए अन्य जनपदों से 18 विशेषज्ञ डॉक्टरों की भी तैनाती की गई है, जो विभिन्न बीमारियों और आपातकालीन स्थितियों से निपटने में सक्षम हैं। प्रशासन की इन तैयारियों का परिणाम है कि भारी संख्या में श्रद्धालु बिना किसी स्वास्थ्य संबंधी परेशानी के यात्रा का आनंद ले पा रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीम चौबीसों घंटे मुस्तैद है, जिससे यह सुनिश्चित किया जा सके कि किसी भी श्रद्धालु को समय पर इलाज और मदद मिल सके।