धामी मंत्रिमंडल के अहम फैसले: आशा कार्यकर्ताओं के मानदेय में इजाफा! खनन रॉयल्टी नहीं बढ़ाने का भी बड़ा एलान
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में शुक्रवार को हुई मंत्रिमंडल की बैठक में कई बड़े फैसले लिए गए। आगामी विधानसभा चुनावों और सरकार के पांच साल के कार्यकाल का रिपोर्ट कार्ड जारी होने के बीच पूरी तरह चुनावी मोड में नजर आ रही धामी सरकार ने कुल 23 अहम प्रस्तावों पर अपनी मुहर लगाई। इस बैठक में सबसे बड़ी सौगात प्रदेश की आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को मिली है। कैबिनेट बैठक में स्वास्थ्य सेवाओं की रीढ़ मानी जाने वाली आशा कार्यकर्ताओं के मानदेय में सीधे 1700 रुपये की बढ़ोतरी करने का निर्णय लिया गया है। इसके साथ ही, महिला सशक्तिकरण विभाग के तहत आने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और आंगनबाड़ी सहायकों का मानदेय बढ़ाने के प्रस्ताव पर भी कैबिनेट में विस्तार से चर्चा की गई। मंत्रिमंडल ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं व सहायकों के मानदेय में वृद्धि का अंतिम निर्णय लेने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को अधिकृत किया है। सरकार के इस कदम से प्रदेश की हजारों महिला कर्मियों को सीधा आर्थिक लाभ मिलेगा। इसके अतिरिक्त, मुख्यमंत्री ने खनन क्षेत्र से जुड़े लोगों को भी बड़ी राहत दी है। बैठक के दौरान सीएम धामी ने स्पष्ट किया कि खनन में बढ़ी हुई दरों पर रॉयल्टी नहीं बढ़ाई जाएगी।
कैबिनेट बैठक में 23 महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर लगी मुहर
उत्तराखंड सफाई कर्मचारी आयोग में उपाध्यक्ष का एक अतिरिक्त पद सृजन को मिली मंजूरी।
सामाजिक सुरक्षा संहिता नियमावली, 2026 को मिली मंजूरी। संगठित कर्मकारों के साथ अब असंगठित कर्मकारों को भी किया गया शामिल।
ESI में फार्मासिस्ट की सीधी भर्ती के लिए शैक्षिक योग्यता में किया गया संशोधन। अब डी. फार्मा के साथ ही बी. फॉर्मा के लोग भी बन सकेंगे फार्मासिस्ट।
चीनी मिलों को मिलने वाले लोन के लिए सरकार ने गारंटर देने पर बनी सहमति।
उत्तराखंड एक्स-रे तकनीशियन नियमावली में संशोधन को मिली मंजूरी।
राजकीय मेडिकल कॉलेजों में पीजी करने वाले छात्रों के साथ दो साल का होगा बॉन्ड। पीजी कोर्स पूरा होने के बाद राज्य में दो साल तक देनी होगी अपनी सेवाएं।
उत्तराखंड पेयजल योजनाओं का संचालन एवं रखरखाव नीति, 2026 के प्रख्यापन को मिली मंजूरी।
प्रदेश निर्माण कार्यों के लिए इम्पैनल संस्थानों में से NHIDCL को सूचीबद्ध से हटाया गया।
विधानसभा मानसून सत्र के सत्रावसान को मिली मंजूरी।
सेतु आयोग के विभागीय ढांचे को मिली मंजूरी।
उप आबकारी आयुक्त के 5 और सहायक आबकारी आयुक्त के 6 पदों के सृजन को मिली मंजूरी।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और आंगनबाड़ी सहायकों का मानदेय बढ़ाने के लिए सीएम को किया गया अधिकृत।
उत्तराखंड अधीनस्थ वन सेवा नियमावली, 2026 को मिली मंजूरी।
आशा कर्मचारियों के मानदेय को 1700 रुपए बढ़ाने की मिली मंजूरी अभी तक 8300 रुपये मिलते थे अब मानदेय बढ़ाने के बाद उनको 10000 रुपए का मानदेय मिलेगा।
बाबूग्राम, बिंदुखत्ता समेत अन्य क्षेत्रों में सालों से वन भूमि की जमीन पर लोग बसे हुए हैं। ऐसे में इन्हें मालिकाना हक दिए जाने के लिए इन क्षेत्रों को डीरिजर्व किए जाने संबंधित प्रस्ताव को भारत सरकार को भेजने के लिए मंत्रिमंडल ने मंजूरी दे दी है। साथ ही बसे हुए लोगों के जमीनों को रेगुलराइज किए जाने के लिए पॉलिसी बनाई जाने को लेकर उप मंत्रिमंडलीय समिति गठित करने को भी मंजूरी मिली है।