• Home
  • News
  • Khatima’s Dr. Anita Chaudhary receives national recognition for her service; honored with the ‘Community Service Award’ by the Indian Medical Association, with the award presented by Defence Minister Rajnath Singh.

खटीमा की डॉ. अनीता चौधरी की सेवा को राष्ट्रीय पहचान, इंडियन मेडिकल एसोसिएशन ने ‘कम्युनिटी सर्विस अवॉर्ड’ से नवाजा, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के हाथों हुआ सम्मान

editor
  • Awaaz Desk
  • July 19, 2026 02:07 PM
Khatima’s Dr. Anita Chaudhary receives national recognition for her service; honored with the ‘Community Service Award’ by the Indian Medical Association, with the award presented by Defence Minister Rajnath Singh.

खटीमा/नई दिल्ली। ऊधम सिंह नगर जिले के खटीमा स्थित गायत्री हॉस्पिटल की वरिष्ठ स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ (गायनोकोलॉजिस्ट) डॉ. अनीता चौधरी को चिकित्सा सेवा और समाज सेवा के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए इंडियन मेडिकल एसोसिएशन द्वारा प्रतिष्ठित ‘कम्युनिटी सर्विस अवॉर्ड’ से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान 18 जुलाई 2026 को नई दिल्ली में आयोजित एक भव्य समारोह में देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने उन्हें प्रदान किया। इस गरिमामय कार्यक्रम में देशभर से आए वरिष्ठ चिकित्सकों, चिकित्सा विशेषज्ञों और स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े अनेक प्रतिष्ठित व्यक्तियों ने भाग लिया। समारोह के दौरान समाज और स्वास्थ्य सेवा में उल्लेखनीय योगदान देने वाले चुनिंदा चिकित्सकों को सम्मानित किया गया, जिनमें डॉ. अनीता चौधरी का नाम भी शामिल रहा। डॉ. अनीता चौधरी पिछले 25 वर्षों से खटीमा स्थित गायत्री हॉस्पिटल में स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ के रूप में अपनी सेवाएं दे रही हैं।

इस दौरान उन्होंने हजारों महिलाओं को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई हैं और मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। चिकित्सा सेवा के साथ.साथ वे सामाजिक दायित्वों के निर्वहन में भी लगातार सक्रिय रही हैं। वर्ष 2014 से डॉ. अनीता चौधरी 'Anurag Foundation for Special Needs' के माध्यम से विशेष आवश्यकता वाले बच्चों और उनके परिवारों के लिए जागरूकता अभियान, स्वास्थ्य परामर्श, सहयोग एवं सामाजिक सहायता जैसे कार्यों से जुड़ी हुई हैं। उनके इन प्रयासों ने समाज के कमजोर और जरूरतमंद वर्गों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का कार्य किया है। चिकित्सा सेवा और सामाजिक सरोकारों के प्रति उनकी इसी समर्पित भावना को देखते हुए इंडियन मेडिकल एसोसिएशन ने उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर ‘कम्युनिटी सर्विस अवॉर्ड’ से सम्मानित किया। इस उपलब्धि पर खटीमा, ऊधम सिंह नगर के चिकित्सा जगत में खुशी की लहर है। डॉ. अनीता चौधरी को मिले इस राष्ट्रीय सम्मान पर क्षेत्र के चिकित्सकों, सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए इसे पूरे उत्तराखंड के लिए गौरव का क्षण बताया है।


संबंधित आलेख: