संपत्ति के लिए कर दिया रिश्तों का कत्ल! बड़े भाई ने धारदार हथियार से रेता छोटे भाई का गला, वारदात से सहमा सितारगंज
सितारगंज। ऊधम सिंह नगर जिले के सितारगंज में रविवार को उस समय सनसनी फैल गयी, जब संपत्ति विवाद में एक शख्स ने अपने ही छोटे भाई की हत्या कर दी। आरोपी ने धारदार हथियार से छोटे भाई का गला रेत दिया। हांलाकि पुलिस ने आरोपी बड़े भाई को हिरासत में ले लिया है। हत्यारोपी घटना से कुछ देर पहले ही पंजाब से सितारगंज पहुंचा था। वार्ड नंबर सात स्थित हाथीखाना मोहल्ला निवासी गुरविंदर पाल सिंह पुत्र महेर सिंह किच्छा रोड पर रविवार दोपहर अपनी वेल्डिंग की दुकान पर काम कर रहा था। करीब डेढ़ बजे पंजाब के फरीदकोट से पहुंचे बड़े भाई 65 साल के कुलदीप सिंह ने धारदार हथियार से गुरविंदर पाल का गला रेत दिया। इस दौरान भागने का प्रयास कर रहे हत्यारोपी को आसपास के लोगों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों की मदद से गुरविंदर को सितारगंज के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। गुरविंदर पत्नी कमलजीत कौर के साथ रहता था जबकि पुत्र सहदीप सिंह केरल, तो पुत्री मीत कौर दिल्ली में नौकरी करती है।